खिलाड़ियों के 5% आरक्षण में कटौती का विरोध, शासन से GR तत्काल वापस लेने की मांग
नए शासन निर्णय से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का मनोबल टूटने का आरोप; राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी
नागपुर। शासन द्वारा 5 अक्टूबर 2026 को जारी नए शासन निर्णय (GR) के तहत 14 एवं 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की राज्यस्तरीय शालेय और अजिंक्यपद क्रीड़ा स्पर्धाओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को पाँच प्रतिशत आरक्षण से वंचित किए जाने के निर्णय का विरोध शुरू हो गया है। क्रीड़ा संघटक किरण यादव ने शासन से इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
किरण यादव ने कहा कि विशेष रूप से 17 वर्ष से कम आयु के पदक विजेता खिलाड़ियों को पाँच प्रतिशत आरक्षण का लाभ तत्काल दिया जाना चाहिए। इस निर्णय से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का मनोबल प्रभावित होगा तथा खेलों के प्रति बच्चों का रुझान कम होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि आज मोबाइल के बढ़ते प्रभाव के कारण पहले ही बच्चे मैदानों से दूर हो रहे हैं। ऐसे में खेलों के माध्यम से भविष्य बनाने का सपना देखने वाले खिलाड़ियों के अवसर सीमित करना उचित नहीं है। सरकार को खिलाड़ियों के हितों और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
यादव ने चेतावनी दी कि शासन ने निर्णय वापस नहीं लिया, तो खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघटकों को साथ लेकर राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें न्याय दिया जाए।
