मोहम्मद सलीम : मंच संचालन से रिश्तों की खूबसूरती तक ‘जीरो माइल’ के भरोसेमंद साथी
नागपुर। हाल ही में ‘जीरो माइल फाउंडेशन’ तथा राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक ‘जीरो माइल’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘जीरो माइल आइकॉन अवार्ड-2026’ एवं ‘स्थापना दिन विशेषांक’ विमोचन समारोह के साथ ‘जीरो माइल’ ने सफलतापूर्वक अपने 21वें वर्ष में प्रवेश किया। रामदासपेठ स्थित होटल तुली इम्पीरियल में आयोजित इस गरिमामय समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले चुनिंदा व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
इस यादगार आयोजन की सफलता में मंच संचालन की भूमिका भी विशेष रही। वर्षों से ‘जीरो माइल’ के लगभग सभी प्रमुख कार्यक्रमों का सधे हुए अंदाज, प्रभावशाली संवाद शैली और गरिमापूर्ण प्रस्तुति के साथ संचालन करने वाले नागपुर महालेखाकार कार्यालय के वरिष्ठ लेखापाल मोहम्मद सलीम एक बार फिर अपनी विशिष्ट शैली से समारोह को बांधे रखने में सफल रहे। मोहम्मद सलीम की खासियत केवल उनका कुशल मंच संचालन ही नहीं, बल्कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप शब्दों का चयन, अतिथियों एवं वक्ताओं का सहज परिचय, समय का संतुलन और दर्शकों से प्रभावी संवाद स्थापित करने की उनकी कला भी है। मंच पर उनकी उपस्थिति कार्यक्रम को एक अलग प्रवाह और आत्मीयता प्रदान करती है।
‘जीरो माइल’ के साथ उनका संबंध केवल एक मंच संचालक तक सीमित नहीं है। लंबे समय से चली आ रही दोस्ती, विश्वास और आत्मीय रिश्ते ने इस जुड़ाव को और विशेष बनाया है। वर्षों से वे ‘जीरो माइल’ के आयोजनों से आत्मीय रूप से जुड़े रहे हैं और अपनी व्यस्तताओं के बावजूद संस्था के कार्यक्रमों में सहयोग एवं सहभागिता निभाते रहे हैं। एक अच्छे मंच संचालक की पहचान केवल उसकी आवाज और शब्दों से नहीं होती, बल्कि इस बात से होती है कि वह मंच पर मौजूद हर व्यक्ति को सम्मान दे, कार्यक्रम को सहजता से आगे बढ़ाए और पूरे माहौल को आत्मीय बनाए रखे। मोहम्मद सलीम इस भूमिका को लंबे समय से बखूबी निभाते आ रहे हैं।
मोहम्मद सलीम दंपती के निवास पर आत्मीय सत्कार :
‘जीरो माइल आइकॉन अवार्ड-2026’ समारोह के कुछ दिनों पश्चात इस आत्मीय रिश्ते को एक और खूबसूरत अभिव्यक्ति मिली। ‘जीरो माइल फाउंडेशन’ एवं राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक ‘जीरो माइल’ के अध्यक्ष एवं मुख्य संपादक आनंद शर्मा तथा कोषाध्यक्ष एवं संपादिका विद्या शर्मा ने मोहम्मद सलीम एवं उनकी पत्नी सलमा शेख के निवास पर पहुंचकर उनका आत्मीय सत्कार किया।
इस अवसर पर शाल, मिठाई एवं पौधा भेंट कर मोहम्मद सलीम और सलमा शेख का सम्मान किया गया साथ ही उनकी दोनों प्यारी बेटियों को स्नेह भरा आशीर्वाद भी दिया। यह सम्मान और आशीर्वाद किसी औपचारिकता से अधिक वर्षों से चले आ रहे स्नेह, सहयोग और मित्रता के प्रति आभार की अभिव्यक्ति रहा।
आनंद शर्मा और विद्या शर्मा ने सलीम दंपती के प्रति अपने आत्मीय भाव व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की लंबी यात्रा केवल उसके कार्यों से नहीं, बल्कि उसके साथ खड़े रहने वाले विश्वसनीय मित्रों और शुभचिंतकों से भी मजबूत होती है। मोहम्मद सलीम ऐसे ही आत्मीय साथियों में शामिल हैं, जिन्होंने वर्षों से ‘जीरो माइल’ के आयोजनों को अपने सहयोग और सहभागिता से गरिमा प्रदान की है। ‘जीरो माइल’ की 21 वर्ष की यात्रा में मोहम्मद सलीम केवल मंच के कुशल सूत्रधार ही नहीं, बल्कि उन चुनिंदा मित्रों में से एक हैं, जिन्होंने दोस्ती को समय के साथ निभाया, विश्वास को कायम रखा और हर महत्वपूर्ण अवसर पर अपनेपन का एहसास कराया। ऐसे रिश्ते किसी संस्था की अमूल्य पूंजी होते हैं और वर्षों बाद भी उनकी गर्माहट महसूस होती रहती है।
