ख़ुद के घर में ये अजनबी कौन ?

             


मैंने स्वयं से पूंछा-

अपने ही घर में

ये अजनबी है कौन ?


अंदर  से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं मिली।

केवल दीवारों ने

चुपचाप कहा

घर का होना

और अपना होना दोनों 

में  बहुत फर्क है ।


मैंने फिर स्वयं से ही पूंछा 

ये अधूरे ख़्वाब तब भला

किसके थे?जो मैंने बड़े  उत्साह से बुनें थे या फिर 

मेरे

उन नयनों के,

जिन्होंने मुझे

मेरे होने से पहले ही मेरे 

वजूद को

परिभाषित कर दिया था?


साँसें भी

कभी अपनी होती हैं?

हर श्वास तो

समय से उधार ली गयी 

चेतना है ,

फिर किस अधिकार से

मैं जीवन को

अपना  मानता  रहा?


मैंने झरोखे  से बाहर देखा

बाहर क्षितिज साफ़ था

हां! दूर कहीं दूर बादलों का झूंड 

अठखेलियां करते हुए ज़रूर नज़र आ रहा था।

न कोई घर,

न कोई छत।

तब समझा,

सीमाएँ बाहर कम,और हमारे 

भीतर ही अधिक होती हैं।


मैंने अंतिम बार फ़िर स्वयं से पूंछा

क्या सितारों पर

सचमुच में किसी का कोई अधिकार  है?


इस बार भी

भीतर से  ख़ामोशी ही मिली

कोई उत्तर नहीं मिला।


मैं मुस्कराया

अधिकार भला किससे और कैसे  माँगे?

सबको को अपना कहने से पहले

स्वयं से ही क्यों न पूंछे कि

क्या वास्तव में हम  ख़ुद के भी हैं?


- रामनारायण मिश्र

   नागपुर, महाराष्ट्र 


लोकप्रिय खबरें

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

साहित्यिकी में छाई रहीं मुंशी प्रेमचंद की रचनाएं