आयुर्वेद का महत्व और बढ़ेगा : वक्ताओं ने जताया विश्वास



‘पावन परंपरा’ के अनुभूत चिकित्सा विशेषांक का लोकार्पण


आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आज वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। भविष्य में आयुर्वेद का महत्व और अधिक बढ़ेगा। यह विचार पंजाब के पूर्व राज्यपाल  बनवारीलाल पुरोहित ने दीपपर्व पर प्रकाशित ‘पावन परंपरा’ पत्रिका के अनुभूत चिकित्सा विशेषांक के लोकार्पण समारोह में व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैद्यनाथ के प्रबंध संचालक सुरेश शर्मा ने पत्रिका की 27 वर्षों की यात्रा की सराहना की और विशेषांक को एक संग्रहणीय दस्तावेज बताया।


समारोह के प्रमुख अतिथि राष्ट्रीय स्वदेशी चिकित्सा आयोग के पूर्व अध्यक्ष वैद्य जयंत देवपुजारी ने कहा कि देश में प्रतिदिन हजारों वैद्य लाखों मरीजों का आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार कर रहे हैं। आयुर्वेद के माध्यम से रोगों से बचाव के लिए अनेक अनुभूत नुस्खे भी जनजीवन में प्रचलित हैं।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं गुरुदेव श्री जागेश्वरानंद जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। श्रीमती शशि भार्गव ‘प्रज्ञा’ ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अपने प्रास्ताविक में डॉ. गोविन्द प्रसाद उपाध्याय ने पत्रिका के उद्देश्यों तथा अनुभूत चिकित्सा विशेषांक की विषयवस्तु पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अतुल त्रिवेदी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. कल्लेश उपाध्याय ने माना।


इस अवसर पर अनिल त्रिपाठी, एस. पी. सिंह, डॉ. मनोज पाण्डेय, जयराम दुबे, ओमप्रकाश शिव, डॉ. सचिन चंडालिया, डॉ. मृत्युंजय शर्मा, डॉ. विनोद रामटेक, डॉ. अर्चना दाचवार, डॉ. विनोद चौधरी, डॉ. प्रदीप उपाध्याय, अरुण दसोतलवार, नरेंद्र परिहार, महेंद्र भार्गव, डॉ. शिल्पा वराडे, डॉ. रागिनी शर्मा, संतोष दुबे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।


लोकप्रिय खबरें

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

साहित्यिकी में छाई रहीं मुंशी प्रेमचंद की रचनाएं