मोको कहाँ ढूँढे…



लेखिका : प्रभा मेहता, नागपुर


जैसे-जैसे अस्ताचलगामी सूर्य की किरणें मद्धिम पड़ने लगती हैं, आकाश में लालिमा छाने लगती है, अपने घोंसलों की ओर लौटते पक्षियों का कलरव सुनाई देने लगता है और दूर कहीं शीतल चंद्रकिरणें आकाश में झाँकने लगती हैं, वैसे-वैसे दिनभर घर की चारदीवारी में कैद बुजुर्ग मन भी खुली हवा में साँस लेने के लिए मचल उठता है।


आखिर क्यों न मचले? घर की चारदीवारी के भीतर मन को लुभाने वाला है ही क्या? आज की फ्लैट संस्कृति में सबके दरवाजे बंद हैं। न कोई किसी के घर जाता है, न कोई किसी के घर आता है। न सुख-दुःख बाँटने का अवसर है, न आपसी बातचीत का। हर व्यक्ति अपनी दुनिया में सिमटा हुआ है। ऐसे में दिनभर साथ निभाता है तो केवल टेलीविजन का वह डिब्बा, जो सुबह सुने और अखबारों में पढ़े समाचारों को ही थोड़े-बहुत फेरबदल के साथ बार-बार दोहराता रहता है। समाचारों से मन ऊब जाए तो विभिन्न चैनलों पर बहस, आरोप-प्रत्यारोप और तू-तू, मैं-मैं का सिलसिला शुरू हो जाता है। चैनल बदलते-बदलते समय गुजरता रहता है और देखते ही देखते सुबह से शाम हो जाती है।


फिर खुली हवा, नीला आकाश और चमकते सितारे मन को अपनी ओर आकर्षित करने लगते हैं। ऐसा लगता है मानो प्रकृति स्वयं आवाज देकर बाहर बुला रही हो।

मन प्रसन्न होकर तैयार होता है। ठंडी हवा, हरियाली, रंग-बिरंगे फूल, फूलों की तरह हँसते-मुस्कुराते लोग और मैदान में खेलते, उछलते-कूदते बच्चों को देखने की चाह मन में जाग उठती है। मन तो दौड़ने लगता है, लेकिन उम्र का तकाजा है कि शरीर शीघ्र ही थकने लगता है।


घर से बाहर निकलते ही एक अलग ही दुनिया दिखाई देती है। सड़कों पर दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों की रेलमपेल लगी है। संध्या का समय है। दिनभर घरों में रहने वाले बुजुर्गों को जितनी बाहर निकलने की चाह है, उतनी ही दिनभर की नौकरी के बाद थके-हारे लोगों को अपने घर पहुँचने की जल्दी है। वहीं कुछ नौजवानों को तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाने का जुनून है।


जवानी के जोश में वे भूल जाते हैं कि वे वायुयान नहीं, सड़क पर दोपहिया वाहन चला रहे हैं। कानों में लगे इयरफोन और तेज संगीत के बीच पीछे से आती गाड़ियों के हॉर्न तक सुनाई नहीं देते। इतनी भीड़भाड़ वाली सड़कों पर वे संगीत का कितना आनंद लेते होंगे, यह तो वही जानें! सड़क पार करने की प्रतीक्षा में खड़े राहगीर भयभीत रहते हैं कि न जाने कौन-सा वाहन कब उन्हें अपनी चपेट में ले ले। बुजुर्गों की घबराहट और असहायता का वर्णन शब्दों में करना कठिन है। बड़ी मुश्किल से रास्ता पार होता है।


किसी तरह सड़क पार करके आगे बढ़ते हैं तो एक और दृश्य ध्यान खींचता है। यह उन नवयुवक-नवयुवतियों का समूह है, जिन्हें उनके माता-पिता लाखों रुपये खर्च करके घर से दूर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए भेजते हैं। वे छात्रावासों में रहते हैं। दिनभर पढ़ाई के बाद थकान होती है। घर के स्वादिष्ट भोजन के स्थान पर छात्रावास या होटलों का भोजन मिलता है। इसलिए कक्षाएँ समाप्त होते ही वे सड़क किनारे सजे रेस्टोरेंट, ठेलों और खान-पान की दुकानों की ओर दौड़ पड़ते हैं।


वहाँ उन्हें अपनी पसंद के तरह-तरह के व्यंजन मिलते हैं। लेकिन कभी-कभी खान-पान के साथ उनका रहन-सहन और व्यवहार भी चिंता का विषय बन जाता है। युवावस्था में मौज-मस्ती स्वाभाविक है, लेकिन उसकी भी एक सीमा और मर्यादा होती है। नई पीढ़ी के पहनावे, व्यवहार और बदलती जीवनशैली को देखकर बुजुर्ग मन में अनेक प्रश्न उठने लगते हैं। बड़ों को यदि कुछ अनुचित दिखाई दे तो वे सोचते हैं, चिंतित होते हैं, लेकिन कुछ कहने से भी कतराते हैं। आखिर एक बुजुर्ग के बोलने पर उसे ही कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है।

ऐसे में मन प्रश्न करता है कि आखिर इस नई पीढ़ी का भविष्य किस दिशा में जा रहा है?


इन्हीं विचारों में आगे बढ़ते हैं तो एक और दृश्य सामने आता है। कुछ नौजवान लड़के-लड़कियाँ एक छोटी-सी डिबिया में पूरी तरह डूबे हुए हैं। उस छोटी-सी डिबिया यानी मोबाइल फोन में मानो सारा संसार समाया हुआ है। अपनी पसंद का जो चाहें देखें, सुनें और उसमें खोए रहें। आसपास कौन आया, कौन गया, किसे सहायता की आवश्यकता है, इससे उन्हें कोई सरोकार नहीं। वे अपनी ही दुनिया में मग्न हैं।


निस्संदेह मोबाइल और आधुनिक तकनीक ने हमें बहुत कुछ दिया है, लेकिन इसके बदले हमसे बहुत कुछ छीन भी लिया है। आपसी संवाद, सामाजिक सरोकार और आसपास के लोगों के प्रति संवेदनशीलता कहीं पीछे छूटती जा रही है। शिक्षा के साथ संस्कार भी उतने ही आवश्यक हैं। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, अशोभनीय भाषा और व्यवहार तथा सामाजिक जिम्मेदारियों से दूरी देखकर मन विचलित हो उठता है। आखिर इस भावी पीढ़ी का भविष्य कैसा होगा?


सोचते-सोचते मन में आता है कि चलो, बच्चों के खेल के मैदान की ओर चलते हैं। शायद वहाँ खेलते-कूदते, खिलखिलाते नन्हे-मुन्नों को देखकर कुछ सुकून मिले। मैदान बहुत बड़ा है, लेकिन बच्चे इक्के-दुक्के ही दिखाई देते हैं। संध्या के समय खुली हवा में खेलने और मौज-मस्ती करने के लिए उनके पास समय ही कहाँ है?

स्कूल से छुट्टी होते ही बच्चे ट्यूशन कक्षाओं में पहुँच जाते हैं। पढ़ाई और प्रतियोगिता की ऐसी दौड़ लगी है कि बचपन का खेलना-कूदना, हँसना और खुलकर जीना कहीं पीछे छूट गया है। माता-पिता की अपेक्षाएँ भी कम नहीं हैं। 95 प्रतिशत से अधिक अंक लाने की होड़ में एक-एक नंबर महत्वपूर्ण हो गया है। मानो एक अंक कम आने से जीवन की सारी संभावनाएँ समाप्त हो जाएँगी!


एक समय था जब शिक्षा के साथ संस्कार, व्यवहार और व्यक्तित्व विकास को भी महत्व दिया जाता था। आज अच्छे अंकों की दौड़ में बचपन का सहज आनंद कहीं खोता जा रहा है। प्रश्न यह है कि इतनी बड़ी उपलब्धि आखिर किस कीमत पर प्राप्त होगी?


मन अनेक विचारों से व्याकुल हो उठता है। घर से तो बड़े उत्साह और उमंग के साथ निकले थे, ताकि दिनभर की थकान दूर हो और कुछ समय प्रकृति के सान्निध्य में बिताया जा सके। लेकिन रास्ते में वाहनों की रेलमपेल ने भयभीत कर दिया। सड़क पार करते समय दुर्घटना का डर सताता रहा। आगे बढ़े तो नई पीढ़ी की बदलती जीवनशैली और सामाजिक सरोकारों से उसकी बढ़ती दूरी ने चिंतित कर दिया। बच्चों के खेल के मैदान भी लगभग खाली मिले।


जिस प्रसन्नता और सुकून की तलाश में घर से बाहर निकले थे, वापस लौटते समय मन में चिंताएँ, ग्लानि और अनेक अनुत्तरित प्रश्न थे। तभी मन में एक विचार आया। क्या जिन खुशियों को हम घर की चारदीवारी के भीतर या बाहर की दुनिया में तलाश रहे हैं, वे वास्तव में वहाँ हैं भी? क्या हमारी प्रसन्नता दूसरों के व्यवहार, समाज की परिस्थितियों और बदलते समय पर निर्भर होनी चाहिए?


शायद अब जीवन की इस ढलती उम्र में हमें थोड़ा अंतर्मुखी होने की आवश्यकता है। दूसरों को बदलने की चिंता में स्वयं को व्यथित करने के बजाय अपने भीतर झाँकना चाहिए। जिस शांति, संतोष और आनंद को हम बाहर खोजते फिर रहे हैं, संभव है उसका वास्तविक निवास हमारे अपने अंतर्मन में ही हो।

संत कबीर का प्रसिद्ध दोहा अनायास ही स्मरण हो आया—

मोको कहाँ ढूँढे बंदे, मैं तो तेरे पास में।

शायद जीवन का सार भी यही है कि जिस आनंद, शांति और संतोष की तलाश में हम दुनिया भर में भटकते रहते हैं, वह हमारे भीतर ही छिपा होता है। आवश्यकता है तो बस स्वयं को पहचानने और अपने अंतर्मन में झाँकने की।


लोकप्रिय खबरें

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

साहित्यिकी में छाई रहीं मुंशी प्रेमचंद की रचनाएं