बॅलेट पेपर को जनादेश, जनता का जवाब !
नतीजे से भाजपा को झटका, चुनाव आयोग की पारदर्शिता और ‘जेन ज़ी’ की राजनीतिक चेतना की कसौटी पर लोकतंत्र नागपुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय है। इसे भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख राजनीतिक गढ़ों में गिना जाता है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की राजनीतिक कर्मभूमि भी नागपुर ही है। ऐसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के अभिजीत वंजारी का भाजपा के सुधाकर कोहळे को पराजित करना केवल एक सीट की हार-जीत नहीं है। यह सत्ता के आत्मविश्वास, संगठनात्मक ताकत और मतदाताओं की बदलती सोच पर विचार करने का अवसर है। अभिजीत वंजारी को 67,231 मत मिले, जबकि सुधाकर कोहळे को 63,960 मत प्राप्त हुए। जीत का अंतर 3,271 मतों का रहा। यह परिणाम सत्ताधारी दल के लिए चेतावनी की घंटी साबित हो सकता है। इससे लोकतंत्र का एक बुनियादी सिद्धांत फिर सामने आया है, राजनीतिक गढ़ किसी भी दल की स्थायी जागीर नहीं होते। मतदाताओं का विश्वास बार-बार अर्जित करना पड़ता है; उसे कभी भी स्...