Pages

17 सितंबर, 2025

कविवर्य ना.धों. महानोर साहित्य पुरस्कार अविनाश पोईनकर को घोषित


शरद पवार के हाथों 26 सितंबर को मुंबई में सम्मान

नागपुर/चंद्रपुर। यशवंतराव चव्हाण सेंटर, मुंबई और भवरलाल एंड कांताबाई जैन फाउंडेशन, जलगांव की ओर से दिए जाने वाले कविवर्य ना.धों. महानोर साहित्य पुरस्कार की घोषणा सांसद सुप्रिया सुले ने हाल ही में की। इस वर्ष यह प्रतिष्ठित पुरस्कार चंद्रपुर के प्रसिद्ध युवा कवि, सामाजिक शोधकर्ता और कार्यकर्ता अविनाश पोईनकर को दिया जाएगा। साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य और योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार में 25,000 रुपये नकद, सम्मानचिन्ह और मानपत्र शामिल हैं। 

पुरस्कार चयन समिति में अशोक जैन, डॉ. जब्बार पटेल, डॉ. प्रज्ञा दया पवार, डॉ. नितीन रिंढे, शंभू पाटील, अजित भुरे, रमेश जाधव आदि सदस्य शामिल थे, जिन्होंने अविनाश पोईनकर का चयन किया। यह चयन राज्यभर में साहित्यिक कार्य का गहन मूल्यांकन करने के बाद किया गया है। 26 सितंबर को मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सेंटर में, सेंटर के अध्यक्ष सांसद शरद पवार के हाथों पोईनकर को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

अविनाश पोईनकर का ‘दंडकारुण्य’ यह काव्यसंग्रह, जो लोकवाङ्मय गृह द्वारा प्रकाशित किया गया है, पूरे राज्य में चर्चा में है। इसके अलावा, साहित्य संस्कृती मंडल के अनुदान से प्रकाशित काव्यसंग्रह ‘उजेड मागणारी आसवे’, संपादित ग्रंथ ‘प्रा. विमल गाडेकर : व्यक्ति और वाङ्मय’, तथा सामाजिक शोध ग्रंथ ‘सुरजागढ़ : विकास या विस्थापन?’ भी प्रकाशित हुए हैं। चंद्रपुर- गडचिरोली जिलों के आदिवासी और विमुक्त-घुमंतू समाज के मुद्दों पर वे सक्रिय कार्य और यथार्थ लेखन करते हैं। इस पुरस्कार को लेकर उन्हें हर जगह से शुभकामनाएँ मिल रही हैं और साहित्य व सामाजिक क्षेत्र का ध्यान उनकी ओर गया है।