Pages

19 मार्च, 2024

सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों को मिलेगा सानुग्रह अनुदान


नागपुर में रखी गई थी अपग्रेडेशन ऑफ पेंशन की बुनियाद - एआईबीआरएफ जनरल सेक्रेटरी जैन ने दी जानकारी

नागपुर। समय के साथ जैसे जैसे महंगाई बढ़ रही है उसी रफ्तार से इंसान की जरुरतें भी बढ़ती जा रही है। जरूरत के मुताबिक पेंशन भी बढ़नी चाहिए। अपग्रेडेशन ऑफ पेंशन की बुनियाद साल 2014 में नागपुर में ही रखी गई। उसके सकारात्मक परिणाम भी आने शुरू हो गए हैं। सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों को पहले पांच साल सानुग्रह अनुदान देने का सरकार ने मान्य किया है। मार्च महीने की पेंशन के साथ अतिरिक्त सानुग्रह अनुदान का भुगतान मिलने की संभावना ऑल इंडिया बैंक रिटायरीज फेडरेशन के जरनल सेक्रेटरी एस.सी. जैन ने व्यक्त की। वे परवाना भवन के मेमोरीयल ऑडिटोरीयम किंग्स-वे में इस्टर्न महाराष्ट्र बैंक रिटायरीज एसोसिएशन के फाउंडेशन कांफ्रेंस में बतौर उद्घाटक बोल रहे थे। 

जैन ने बताया कि नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के साथ इस विषय पर पहली बार सरकारी स्तर पर चर्चा की शुरुआत हुई थी। उसके बाद यह लड़ाई आगे बढ़ी जो जारी है । पहले पांच साल सानुग्रह अनुदान से इसकी शुरुआत करने पर बात बनी है। साल 2022 से 2027 के बीच की अवधि का सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों को एरियर्स के रूप में यह लाभ मार्च में होली के आसपास मिलने की प्रबल संभावना है। अपग्रेडेशन ऑफ पेंशन की लड़ाई का यह सकारात्मक परिणाम सामने है। इसका हर साल रिव्यूव लिया जाएगा। उसमें भी पेंशन वृद्धि की संभावना है। जैन ने कहा कि सानुग्रह अनुदान मिलने पर भी अपग्रेडेशन ऑफ पेंशन की लड़ाई जारी है। जब तक बैंक कर्मचारियों को उनके अधिकार का अपग्रेडेशन ऑफ पेंशन लाभ नहीं मिलता तब तक लड़ाई जारी रहेगी। इसमें संगठन के सदस्यों ने नई ताकत के साथ संघर्ष को तेज करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष एस. बी. बुटोलिया ने की। उन्होंने सभी से एकजुट रहने की अपील सभी से की। बुटोलिया ने कहा कि संगठन में कोई भी प्रयास अंतिम नहीं होता, इसमें संयम रखने की जरूरत होती है। प्रमुख अतिथि चेयरमैन ओ. पी. वर्मा, एम. एल. पांडे, ऑल इंडिया प्रेसिडेंट एस. एम. देशपांडे, आर. बी. लोढा, संतोष कुमार दुबे मंच पर विराजमान थे। परवाना भवन के निर्माण में मुख्य भूमिका निभाने के लिए ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डी. एस. बुचे का अतिथियों के हस्ते सत्कार किया गया। कार्यक्रम का संचालन ईश्वर चेवलानी ने एवं आभार एस. पी. तिवारी ने माना । विदर्भ के सभी जिलों से सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी, कर्मचारी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सहभागी हुए।

नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चुनाव

मुख्य अतिथि एस एम देशपांडे ने सभी बैंक कर्मियों को नए स्टेट फेडरेशन की स्थापना पर बधाई दी और एक सशक्त संगठन के रूप में कार्य करने की इच्छा रखी। इस अवसर पर नई कार्यकारणी के निर्विरोध चुनाव हुए, जिसमें ओपी वर्मा अध्यक्ष, एस. वी. बुटोलिया महासचिव और ईश्वर चेवलानी चेयरमैन चुने गए।