विधान मंडल के शीतकालीन अधिवेशन नागपुर में ही हो : अनिल अहिरकर
https://www.zeromilepress.com/2020/09/blog-post_85.html?m=0
नागपुर। विधान मंडल के शीतकालीन अधिवेशन को लेकर शहर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अनिल अहिरकर ने नागपुर में ही आयोजित करने की मांग की है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विधायक विकास ठाकरे ने शीतकालीन अधिवेशन रद्द करने की मांग की थी। अहिरकर ने कहा कि वे विकास ठाकरे के विचारों से सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विदर्भ में कई समस्याएं प्रलंबित हैं जिनमें किसानों व रोजगार की समस्या, छात्रों की ऑनलाइन शिक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याएं हैं। कोविड - १९ के कारण आम जनता को अपनी समस्याएं मुंबई तक पहुंचाने के लिए समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय विदर्भ की समस्याओं को हल करने के लिए नागपुर में ही अधिवेशन होना जरूरी है। नागपुर तथा जिले में कोविड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। मेयो अस्पताल में व्यवस्था ठीक से नहीं है। शहर के निजी अस्पताल के संचालकों ने लूट मचा रखी है। मनपा की यंत्रणा की व्यवस्था सुधारने में नाकाम साबित हुई है। ऐसी समस्याओं पर अधिवेशन में चर्चा होना जरूरी है। नागपुर में अधिवेशन होने से समूची सरकार यहां आएगी तथा कई समस्याएं हल होंगी। अहिरकर ने विधानमंडल का अधिवेशन नागपुर में ही लेने तथा हास्पिटल की कोविड अव्यवस्था के बारे में जांच समिति गठित करने की भी मांग की है।