टीकाराम साहू ‘आजाद’ अंतरराष्ट्रीय व्यंग्य संकलन में
'इक्कीसवीं सदी के 251 अंतरराष्ट्रीय श्रेष्ठ व्यंग्यकार' पुस्तक का शीघ्र लोकार्पण
नागपुर। ‘इक्कीसवीं सदी के 251 अंतरराष्ट्रीय श्रेष्ठ व्यंग्यकार’ संकलन में देश और विदेश के 251 व्यंग्यकारों के साथ नागपुर से टीकाराम साहू ‘आजाद’ का व्यंग्य भी है। ‘मंत्रालय में उल्लू’ व्यंग्यसंग्रह के लेखक ‘आजाद’ के व्यंग्य संपादकद्वय सर्वाधिक सक्रिय व्यंग्यकार डॉ लालित्य ललित व सुपरिचित व्यंग्यकार डॉ राजेश कुमार के कई चर्चित संचयनों में शामिल हो चुके हैं। संपादकद्वय ने अंतरराष्ट्रीय व्यंग्य संकलन को दो महीने में तैयार किया है और प्रकाशन इंडिया नेटबुक्स के निदेशक डॉ संजीव कुमार ने किया है।
डॉ राजेश कुमार ने बताया कि इस संकलन को तैयार करने के दौरान मॉरीशस में स्थित विश्व हिंदी सचिवालय ने विश्व को पाँच हिस्सों में बाँटकर अंतरराष्ट्रीय व्यंग्य लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया और हमें उन विजेताओं में से सभी प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले व्यंग्यकारों तथा और भी अन्य विजेताओं की रचनाएँ प्राप्त करके इस संकलन में आपके लिए प्रस्तुत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
संकलन में भारत के अलावा अमेरिका, युनाइटेड किंगडम, नेपाल, कनाडा, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दुबई के व्यंग्यकारों की रचनाएं हैं। डॉ लालित्य ललित ने जानकारी दी कि भारत से इस संकलन में 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के व्यंग्यकारों ने शिरकत की है। इनमें से सबसे अधिक व्यंग्य के पुरोधा हरिशंकर परसाई के राज्य मध्य प्रदेश (65) से हैं।
इसके बाद क्रमशः हैं- उत्तर प्रदेश (39), नई दिल्ली (32), राजस्थान (32), महाराष्ट्र (18), छत्तीसगढ़ (12), हिमाचल प्रदेश (8), बिहार (6), हरियाणा (4), चंडीगढ़ (3), झारखंड (4), उत्तराखंड (4), कर्नाटक (4), पंजाब (2), पश्चिम बंगाल (2), तेलंगाना (2), तमिलनाडु (1), गोवा (1) और जम्मू-कश्मीर (1)। इसमें 51 व्यंग्य लेखिकाएं हैं। डॉ संजीव कुमार ने बताया कि संचयन प्रेस में चला गया है और चंद दिनों में प्रकाशित होकर पाठकों के सम्मुख होगा। जल्द ही यह अमेज़न व फ़्लिपकार्ट पर उपलब्ध होगा।

