कर्मवीर दादा रोचलदास केवलरामानी का पुण्यस्मरण
https://www.zeromilepress.com/2021/08/blog-post_292.html?m=0
नागपुर। आर्य विद्या सभा के संस्थापक, संरक्षक, भूतपूर्व अध्यक्ष श्रद्धेय दादा रोचलदास केवलरामानी का पुण्यतिथि पर दयानंद आर्य कन्या विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय के सांस्कृतिक सभागृह में उन्हें पूरे दयानंद परिवार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कर्मवीर, स्वतंत्रता संग्राम के समर्पित सेनानी, क्रांतिकारी विचारों से ओतप्रोत, समाजसेवी मातृभाषा के प्रति विशेष लगाव रखने वाले दादा रोचलदास केवलरामानी के विचारों को आत्मसात करते हुए समस्त अध्यापिकाओं द्वारा देशभक्ति व सिंधी गीतों के माध्यम से दादा को आदरांजलि अर्पित की गई।
संत तुकड़ोजी कैंसर हॉस्पिटल के सचिव के रूप में उनके योगदान व समर्पण को याद करते हुए प्राचार्या तेजिंदर वेणुगोपाल ने उन्हें महामानव व गरीबों का मसीहा बताकर उनकी संस्था के प्रति निष्ठा व समर्पण के जज्बे को सलाम किया व "तू खुद की तलाश कर" इस सुंदर कविता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन संगीता सगदेव ने किया। दादा के सुपुत्र सुरेश केवलरामानी तथा राम केवलरामानी की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। आर्य विद्या सभा के अध्यक्ष अशोक कुमार कृपलानी, उपाध्यक्ष घनश्याम कुकरेजा, सचिव राजेश लालवानी, इंचार्ज वेद प्रकाश आर्य तथा आर्य विद्या सभा के समस्त पदाधिकारियों ने उनके अद्भुत व्यक्तित्व तथा उनके कार्यों को याद कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
