Loading...

आयकर आयुक्त संदीपकुमार साळुंखे को 'उत्कृष्ट सेवा पदक'


बाएं से – केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के अध्यक्ष रवी अग्रवाल, केंद्रीय राजस्व सचिव अरविंद श्रीवास्तव, केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन, संदीपकुमार साळुंखे, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, और CBDT सदस्य पंकज मिश्रा।

जलसंरक्षण, सामाजिक योगदान और कर प्रशासन में उल्लेखनीय कार्य का सम्मान

नागपुर। 2004 बैच के आईआरएस अधिकारी और वर्तमान में नागपुर के आयकर आयुक्त पद पर कार्यरत संदीपकुमार रतन साळुंखे को आयकर विभाग का सर्वोच्च “उत्कृष्ट सेवा पदक” प्रदान किया गया है। 24 जुलाई 2025 को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित 166वें आयकर दिवस समारोह में केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन के हाथों और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की उपस्थिति में यह पुरस्कार प्रदान किया गया।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार देशभर से केवल दस अधिकारियों को मिला है, जिनमें साळुंखे का नाम भी शामिल है। आयकर प्रशासन में उनके 21 वर्षों की उल्लेखनीय सेवा के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।

आयकर विभाग में कार्य करते हुए साळुंखे ने समानांतर अर्थव्यवस्था पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की। लेनदेन का विश्लेषण कर कई करदाताओं को कर व्यवस्था के दायरे में लाया। साथ ही देशभर में संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया में होने वाली त्रुटियों और उससे होने वाले कर नुकसान को रोकने के लिए भी उन्होंने विशेष कार्य किया।

साळुंखे ने 'रूट – रिटर्न टू ओरिजिन एंड ऑर्गनाइज ट्रांसफॉर्मेशन' नामक आंदोलन की शुरुआत कर जलगांव जिले में जलसंरक्षण के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किए। इस अभियान के तहत लगभग 500 करोड़ लीटर जलसंग्रहण, एक नदी, 6 तालाब, 20 नालों का पुनर्जीवन और करीब 1000 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई के अंतर्गत लाया गया। यह आंदोलन अब कई गांवों में फैल चुका है और विभिन्न विकास मंचों के माध्यम से इसकी पहुंच और प्रभाव निरंतर बढ़ रहा है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से नि:शुल्क मार्गदर्शन प्रदान किया, साथ ही चार प्रेरणादायी पुस्तकें – हम होंगे कामयाब, अंतरीचा दिवा, उठा जागे व्हा आदि लिखीं, जो युवाओं में आत्मविश्वास जगाने का कार्य कर रही हैं। ये पुस्तकें 'राजहंस प्रकाशन' से प्रकाशित हुई हैं और युवाओं के बीच लोकप्रिय हैं।

उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें वर्ष 2023 में जलशक्ति मंत्रालय द्वारा 'राष्ट्रीय जलप्रहरी पुरस्कार' से भी सम्मानित किया गया था।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर नागपुर सहित पूरे राज्य से उन्हें बधाइयों का तांता लग गया है। आयकर प्रशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का सफल संतुलन साधने वाले ऐसे अधिकारी निश्चित ही प्रेरणा का स्रोत हैं
समाचार 6946330307197390540
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list