गर्व व समर्पण के भाव से मनाया गया 77वॉं गणतंत्र दिवस
https://www.zeromilepress.com/2026/01/77.html?m=0
नागपुर। आर्य विद्या सभा द्वारा संचालित दयानंद आर्य कन्या विद्यालय, कनिष्ठ व वरिष्ठ महाविद्यालय के प्रांगण में 77 वॉं गणतंत्र दिवस मनाया गया। प्रमुख अतिथि नागपुर के पूर्व विधायक गिरीश व्यास, सदस्य भाजपा महाराष्ट्र जयप्रकाश गुप्ता व आर्य विद्या सभा के समस्त पदाधिकारियों की उपस्थिति में ध्वज फहराया गया। एनसीसी कैडेट्स ने ध्वज को सलामी देकर सबको अनुशासन व कर्तव्य परायणता का संदेश दिया। अतिथि परिचय व स्वागत के पश्चात योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हाई स्कूल व कनिष्ठ महाविद्यालय की छात्राओं ने योग के अलग-अलग आसनों द्वारा तन व मन को स्वस्थ रखने का संदेश दिया। हाई स्कूल की छात्राओं ने जोश पूर्ण देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति कर सभी के मन में देश के प्रति गर्व व समर्पण की भावना को और गहरा कर दिया।
पूरा प्रांगण भारत माता की जय के जज्ब़े से गूंज उठा। प्रभारी प्राचार्या डॉक्टर सुश्री संगीता हरीरामानी ने उपस्थित मेहमानों के समक्ष विद्यालय की प्रस्तावना के माध्यम से शालेय गतिविधियों एवं विशेषताओं से अवगत करवाया। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी प्रवीण्यता सूची में स्थान पाने वाली व सभी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने वाली छात्राओं को बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड प्रदान किए गए। जिसमें कक्षा सातवीं की प्रीत झामानी, 10 th इंग्लिश मीडियम की सौम्या श्रीवास, 10th लोअर इंग्लिश मीडियम की मीनाक्षी रहांगडाले, कक्षा बारहवीं की कला संकाय की रूपसरी नागदेवते, वाणिज्य संकाय की साक्षी शुक्ला, विज्ञान संकाय की रिशु यादव को बेस्ट स्टूडेंट के अवार्ड अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए।
अतिथि संभाषण में मुख्य अतिथि गिरीश व्यास ने संविधान निर्माता को नमन करते हुए विश्व गुरु बनने के लिए हर व्यक्ति से निष्ठा समर्पण व अनुशासन को जीवन में अपनाते हुए देश के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संदेश दिया। विशेष अतिथि जयप्रकाश गुप्ता ने शाला प्रबंधन की सराहना करते हुए छात्राओं को ज्ञान गुणों व संस्कारों से युक्त शिक्षा प्रदान कर नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने बेटियों को भारत माता कहकर संबोधित किया। अध्यक्षीय भाषण में आर्य विद्या सभा के अध्यक्ष अशोक कृपलानी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थी जीवन में समय का सदुपयोग कर नेतृत्व क्षमता बढ़ाने व पूरी लगन व निष्ठा से शिक्षा प्राप्त कर जीवन की ऊंचाइयों को छूने का आह्वान किया।
आर्य विद्या सभा के सचिव राजेश लालवानी ने आए हुए अतिथियों का आभार माना। आर्य विद्या सभा के अध्यक्ष अशोक कृपलानी, सचिव राजेश लालवानी, उपाध्यक्ष घनश्याम दास, कुकरेजा, सह सचिव वेद प्रकाश वाधवानी, कोषाध्यक्ष भूषण खूबचंदानी, अभिमन्यु कुकरेजा, लालचंद लखवानी, वरिष्ठ महाविद्यालय के इंचार्ज वेद प्रकाश आर्य, सदस्य राम केवलरामानी, नरेश केवलरामानी, अनिल खूबनानी व आर्य विद्या सभा के समस्त पदाधिकारियों ने सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी । मंच संचालन सिमरन ज्ञानचंदानी व संगीता ज्ञानचंदानी ने किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम गीत से किया गया।