वास्तु विचारों को और विचार जीवन को प्रभावित करते हैं : डॉ. रुचि नाडकर्णी
https://www.zeromilepress.com/2026/06/blog-post_196.html?m=0
डॉ. एम. के. शर्मा के हस्ते शुभवास्तुरुचि स्पिरिचुअल एकेडमी के नवीन कार्यालय का हुआ उद्घाटन
नागपुर। वास्तु विचारों को और विचार जीवन को प्रभावित करते हैं- यह विचार प्रसिद्ध वास्तुविद्, टैरो कार्ड रीडर एवं सबकॉन्शियस माइंड हीलर डॉ. रुचि नाडकर्णी ने शुभवास्तुरुचि स्पिरिचुअल एकेडमी के नरेंद्र नगर एक्सटेंशन स्थित नवीन कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए।
नवीन कार्यालय का उद्घाटन डॉ. एम. के. शर्मा, पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बजाज स्टील इंडस्ट्रीज लिमिटेड के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने औद्योगिक संगठनों में कार्यरत मानव संसाधनों के सर्वांगीण विकास हेतु डॉ. रुचि नाडकर्णी द्वारा विशेष कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन तथा उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि के माध्यम से न केवल उनका व्यक्तिगत जीवन बेहतर बन सकता है, बल्कि संस्थानों की उत्पादकता और कार्य संस्कृति में भी उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।
अपने उद्बोधन में डॉ. रुचि नाडकर्णी ने बताया कि वास्तु केवल भवन निर्माण की पद्धति नहीं, बल्कि व्यक्ति के मानसिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक संतुलन से भी गहराई से जुड़ा हुआ विज्ञान है। उन्होंने विस्तार से समझाया कि किस प्रकार वास्तु उपचार (Vastu Treatment) के माध्यम से किसी स्थान में विद्यमान नकारात्मक ऊर्जाओं को सकारात्मक ऊर्जा में परिवर्तित किया जा सकता है, जिससे वहां रहने एवं कार्य करने वाले व्यक्तियों के विचारों, व्यवहार और कार्यक्षमता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने अपने द्वारा पूर्व में किए गए विभिन्न वास्तु उपचारों एवं कार्यशालाओं के उदाहरण साझा करते हुए बताया कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप अनेक व्यक्तियों और संस्थानों में उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। डॉ. नाडकर्णी ने यह भी बताया कि व्यक्ति के विचार उसके जीवन की दिशा और गुणवत्ता को निर्धारित करते हैं तथा सबकॉन्शियस माइंड हीलिंग के माध्यम से जीवन के विभिन्न पहलुओं- जैसे स्वास्थ्य, संबंध, करियर और मानसिक शांति में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर ऐसे अनेक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में डॉ. आनंद शर्मा, श्री यतींद्र नाडकर्णी, श्रीमती कविता वर्मा, श्रीमती भाग्यश्री निखारे, कु. दीपिका मिश्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।


