‘चोरी चोरी दिल तेरे चुराएंगे’ में गूंजे सदाबहार गीत, रसिका धामनकर की प्रस्तुतियों ने मोहा मन




वर्सेटाइल सिंगर्स ग्रुप के संगीतमय आयोजन में कलाकारों ने बिखेरे फिल्मी गीतों के रंग


नागपुर। वर्सेटाइल सिंगर्स ग्रुप, नागपुर की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को अजनी चौक स्थित होटल के पिन में ‘चोरी चोरी दिल तेरे चुराएंगे’ शीर्षक से युगल गीतों के विशेष संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजक तुषार भोलानाथ रंगारी के संयोजन में आयोजित इस संगीतमय शाम में सेलिब्रिटी अभिनेत्री एवं गायिका रसिका धामनकर सहित विभिन्न कलाकारों ने सदाबहार फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।


कार्यक्रम में तुषार रंगारी ने ‘ऐ जाते हुए लम्हों’ गीत की एकल प्रस्तुति दी। तुषार रंगारी और रसिका धामनकर ने ‘हम प्यार करने वाले’ तथा ‘तू धरती पे चाहे जहां भी रहेगी’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। वहीं किरण भोसले एवं तुषार रंगारी ने ‘अखियों से गोली मारे’, अतुल देशमुख एवं रसिका धामनकर ने ‘कह दो कि तुम’ तथा विजय पुराणिक एवं रसिका धामनकर ने ‘घूंघट की आड़ से’ गीत की प्रस्तुति देकर महफिल में समां बांध दिया।


संगीत संध्या में अचल वालदे ने ‘आपकी कशिश’ गीत से अपनी गायकी का रंग जमाया। राखी बोबडे एवं रसिका धामनकर ने ‘डोला रे डोला’, जबकि रसिका धामनकर एवं सी. वाय. रायपुरे ने ‘पत्ता पत्ता बूटा बूटा’ गीत प्रस्तुत किया। गायिका समा ने एकल भक्ति गीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।


कार्यक्रम का संचालन सुपरस्टार एंकर मोनालिसा ने किया। पूरे आयोजन में लोकप्रिय हिंदी फिल्मी गीतों की मधुर धुनों और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने संगीतमय वातावरण निर्मित किया। वर्सेटाइल सिंगर्स ग्रुप का यह आयोजन सदाबहार गीतों के माध्यम से संगीतप्रेमियों के लिए यादगार शाम बनकर सामने आया।


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

विपरीत परिस्थितियों में भी समाजसेवा का संकल्प ही सच्ची सेवा : पद्मश्री डॉ. विकास महात्मे