डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ
छात्राओं की कल्पनाओं को मिलेंगे उद्योग के पंख; स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मिलेगा प्रोत्साहन
नागपुर/यवतमाल। श्रीमती कमलाबाई यादवराव डांगे कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महिला महाविद्यालय, किन्ही में वाणिज्य अध्ययन मंडल की ओर से आयोजित उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत उद्यमिता प्रकोष्ठ की स्थापना की गई। इसका उद्घाटन महाराष्ट्र उद्यमिता विकास मंडल के परियोजना अधिकारी श्री रुपेश हिरुळकर के हस्ते हुआ। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराना तथा उनकी व्यावसायिक कल्पनाओं को साकार करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में श्री हिरुळकर ने व्यवसाय चयन, नियोजन, वित्तीय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण एवं उद्यम स्थापना के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से अपनी रुचि और कौशल पहचानकर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नितिन सिंघवी ने कहा कि छात्राओं को केवल नौकरी तलाशने वाली नहीं, बल्कि रोजगार प्रदान करने वाली उद्यमी बनने का सपना देखना चाहिए। रचनात्मक सोच, ठोस कार्ययोजना और निरंतर प्रयासों से वे आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने के साथ समाज के विकास में भी योगदान दे सकती हैं।
उद्यमिता प्रकोष्ठ के माध्यम से छात्राओं के लिए कौशल विकास कार्यशालाएं, विशेषज्ञों के व्याख्यान, स्टार्टअप मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा सफल उद्यमियों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महिला सशक्तीकरण और रोजगार सृजन की दिशा में महाविद्यालय की यह पहल छात्राओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, नए व्यावसायिक अवसर तलाशने और आत्मनिर्भर बनने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगी। छात्राओं एवं शिक्षकवृंद ने इस पहल का स्वागत किया।
