‘सूर संत्रा नगरीचा’ सीजन-5 का भव्य ग्रैंड फिनाले संपन्न




प्रसाद उलांडे ने जीता प्रतिष्ठित खिताब; विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभाशाली गायकों का हुआ सम्मान


नागपुर। शौकिया गायकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने, उभरती संगीत प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और संगीत प्रेमियों को सुरों की यादगार सौगात देने वाली संगीत प्रतियोगिता ‘सूर संत्रा नगरीचा’ सीजन-5 का भव्य ग्रैंड फिनाले हाल ही में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रजनीगंधा म्यूजिक अकादमी, नागपुर की ओर से आयोजित इस संगीतमय समारोह में प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों और संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।



रजनीगंधा म्यूजिक अकादमी ने इस आयोजन के माध्यम से एक बार फिर नागपुर के संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान और संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। प्रतियोगिता को सफल बनाने में संतोष बोरगांवकर (चेयरमैन, चैतन्य एग्रो बायोटेक प्रा. लि., मलकापुर, जिला बुलढाणा), डॉ. बिपिन तिवारी, आर. साबदेश मुरारका (मुरारका बिल्डर्स) तथा श्रीमती मंगला लोहिया (सचिव, वरिष्ठ नागरिक मंडल, धंतोली) का विशेष सहयोग रहा।


ओपन कैटेगरी में अपनी शानदार गायन प्रतिभा और सुरीली प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए प्रसाद उलांडे ने ‘सूर संत्रा नगरीचा’ सीजन-5 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। उन्हें प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹15,000 नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। स्वरूपा धामणकर ने ₹7,000 और ट्रॉफी के साथ प्रथम उपविजेता, जबकि स्वरा मातुरकर ने ₹5,000 और ट्रॉफी के साथ द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।


प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में भी प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 और ₹1,000 की नकद पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।


विशेष श्रेणियों में बेस्ट ऑफ मोहम्मद रफी का पुरस्कार विनोद दुबे, बेस्ट ऑफ किशोर कुमार का पुरस्कार आदेश जोगी, बेस्ट ऑफ मुकेश का पुरस्कार दिनेश बरनासे, बेस्ट ऑफ अभिजीत का पुरस्कार सुमन मुखर्जी तथा बेस्ट ऑफ आशा भोसले का पुरस्कार सरोजिनी सावरकर ने हासिल किया।


कार्यक्रम में संगीत, प्रतिभा और सम्मान का सुंदर संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता ने न केवल शौकिया गायकों को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच दिया, बल्कि नागपुर की संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रैंड फिनाले की शानदार प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण प्रतिसाद के साथ सीजन-5 यादगार बन गया।


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग