नेताजी नगर में आज सजेगी ठहाकों की महफिल



देश के दिग्गज हास्य कवि अपनी रचनाओं से बिखेरेंगे हंसी के रंग


नागपुर। शहरवासियों को हास्य, व्यंग्य और ठहाकों से सराबोर करने के लिए बुधवार, 15 अक्टूबर को नेताजी नगर में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। खासदार सांस्कृतिक महोत्सव के अंतर्गत श्री सार्वजनिक दुर्गा माता मंदिर, नेताजी नगर के सौजन्य से आयोजित यह सम्मेलन शाम 7 से रात 10 बजे तक चलेगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए हास्य कवि अपनी चुटीली रचनाओं और व्यंग्यात्मक अंदाज से श्रोताओं को हंसी से लोटपोट करेंगे।


सम्मेलन में दिल्ली के प्रसिद्ध गजलकार एडमिरल डॉ. खुर्रम नूर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का संयोजन श्रीनगर रसम और टेलीविजन फेम नागपुर की मंजुश्री पुष्पा कारेमोरे करेंगी, जबकि मंच संचालन हास्य-व्यंग्य के चर्चित कवि सुदर्शन चक्रधर करेंगे।


कवि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के ललितपुर से पंकज अंगार, मध्य प्रदेश के नवाबगंज से अरुण गड़वाल ‘जुगाडू’ तथा नागपुर के मराठी हास्य कवि अमोल एदलाबादकर अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। हास्य और व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक विसंगतियों पर चोट करती रचनाएं जहां श्रोताओं को गुदगुदाएंगी, वहीं जीवन को देखने का एक नया नजरिया भी देंगी।


आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य साहित्य, हास्य-व्यंग्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ लोगों को तनावपूर्ण दिनचर्या से कुछ पल राहत देना है। ‘हंसी के रंग, जीवन के संग’ की भावना से सजा यह सम्मेलन नागपुर के साहित्य एवं कला प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगा। आयोजकों ने नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर हास्य की इस महफिल का आनंद लेने की अपील की है।


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

विपरीत परिस्थितियों में भी समाजसेवा का संकल्प ही सच्ची सेवा : पद्मश्री डॉ. विकास महात्मे

पूजा में श्रद्धा, तो प्रतिमाओं का अपमान क्यों? : किरण मुंदड़ा