रंजना श्रीवास्तव के उपन्यास ‘वो खाली सोफा’ का लोकार्पण
नागपुर। विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन में 27 अक्टूबर 2026 को संस्कृत शिक्षिका रंजना श्रीवास्तव के 60वें जन्मदिन, 36 वर्षों की शैक्षणिक सेवा के उपरांत सेवानिवृत्ति तथा उनके उपन्यास ‘वो खाली सोफा’ के लोकार्पण का समारोह आयोजित किया गया। अविशा प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस उपन्यास के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि भूतपूर्व विधायक गिरीश व्यास, कार्यक्रम के अध्यक्ष लता मंगेशकर यूनिवर्सिटी के चीफ एडवाइजर वेदप्रकाश मिश्रा तथा प्रमुख अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार सागर खादीवाला उपस्थित रहे।
विशेष अतिथियों में शिक्षाविद् श्रीमती अंजु भूटानी, वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती सुधा राठौर और व्यंग्यकार अनिल मालोकर शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती जैजैवंती आचार्य की सरस्वती वंदना से हुआ। मंच संचालन उपन्यास के प्रकाशक एवं साहित्यकार अविनाश बागड़े ने किया।
मुख्य अतिथि गिरीश व्यास ने प्रयागराज की समृद्ध साहित्यिक परंपरा का उल्लेख करते हुए लेखिका की कृति को अनुकरणीय बताया। अध्यक्ष वेदप्रकाश मिश्रा ने उपन्यास के दार्शनिक पक्ष पर प्रकाश डाला। भवन्स भगवान दास पुरोहित विद्या मंदिर, श्रीकृष्णनगर, नागपुर में संस्कृत विभागाध्यक्ष एवं प्राथमिक विभाग प्रभारी के रूप में सेवाएँ देने वाली रंजना श्रीवास्तव के पति राजीव श्रीवास्तव ने आयोजन की व्यवस्था संभाली। अंत में अनिल मालोकर ने आभार प्रदर्शन किया। समारोह में साहित्यकारों, पत्रकारों, शिक्षकों, मित्रों एवं परिवारजनों ने उपस्थित होकर लेखिका को शुभकामनाएँ दीं।
