कबीर मंदिर आश्रम में महात्मा गांधी पुण्यतिथि मनाई
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विचार मंच एवं कबीर मंदिर आश्रम का आयोजन
नागपुर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विचार मंच, नागपुर इकाई एवं कबीर मंदिर आश्रम, सेमिनरी हिल्स के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार 30 जनवरी को महात्मा गांधी पुण्यतिथि पर हवन एवं दीप दान कार्यक्रम का आयोजन कबीर मंदिर आश्रम, सेमिनरी हिल्स में किया गया। इस अवसर पर विद्वानों ने अपने मत में कहा कि महात्मा गांधी जी की माता सदगुरु कबीर साहेब की उपासक अर्थात कबीरपंथी थी। जिनका प्रभाव महात्मा गांधी जी पर पड़ा था।
वे कबीर साहेब की तरह क्रांतिकारी थे और अन्याय के विरुद्ध जीवनभर लड़ते रहे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में युवा तथा संबंधजनों को गांधी विचार दर्शन व कार्य स्मरण कराने हेतु यह आयोजन किया गया। दीप जलाकर गांधी जी को श्रद्धा सुमन अर्पित कर, अंधेरे से प्रकाश की ओर, बुराई से अच्छाई की ओर,अशांति से शांति की ओर की शपथ दिलाई गई।
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विचार मंच के संस्थापक तथा मुख्य संयोजक विश्व शांतिदूत प्रकाश आर. अर्जुनवार के मार्गदर्शन में नागपुर के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय भोंसले एवं कबीर मंदिर आश्रम के सचिव, इंडियन सोसाइटी आफ क्रिमिनोलॉजी, नागपुर शाखा के संयोजक डॉ नंदकिशोर मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित थे। इनके हाथो बापू की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया।
कार्यक्रम में महेंद्र बिसेन, उत्तमदास वर्मा, विजयशंकर यादव, सदस्य श्यामसुंदर भगत, राम नागोत्रा, कुश मसराम, व्यवस्थापक राहुल भगत, प्रदीप यादव, गजानन इसड, कुश मसराम,रुस्तम आदि लोग उपस्थित थे। महात्मा गांधी के विचार दर्शन व कार्य को युवा पीढ़ी तथा जन जन तक पहुंचाने हेतु, 'हर मन में गांधी हो,हर घर में गांधी हो', के लिए युवाओं को गांधी विचार का संदेश दिया गया। संचालन राहुल भगत ने तथा आभार उत्तमदस वर्मा ने माना।
