रामकाज करने का सुअवसर : भगीरथ महाराज
'जय श्रीराम' के जयकारे और महावादन के बीच प्रभु श्रीराम की महाआरती
दत्तवाड़ी में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए गृह संपर्क अभियान का शुभारंभ
नागपुर। आप सभी लोग रामजी की सेना के कोई न कोई पात्र होंगे जिसके कारण रामकाज करने का यह सुअवसर प्राप्त हुआ है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर शीघ्र बनने वाला है, इसलिए हर हिंदू बढ़ चढ़ कर दान करें। यह आह्वान बेलतरोड़ी के गुरुकुल आश्रम के परम पूज्य भगीरथ महाराज ने किया।
विश्व हिंदू परिषद नागपुर और रायल शिव संस्कृति फाउंडेशन की ओर से
'जय श्रीराम' के गगनभेदी जयकारे और पांच ढोल-ताशों के महावादन के बीच मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की महाआरती दत्तवाड़ी के गजानन सोसायटी मैदान में की गई। कार्यक्रम में प्रभु श्रीराम का दरबार आकर्षण का केंद्र रहा। अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर की मनोरम झांकी ने मन मोह लिया। आराध्य श्रीराम के दर्शन के लिए जनसागर उमड़ पड़ा। इस अवसर पर अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए निधि संकलन अभियान के अंतर्गत गृह संपर्क अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित भगीरथ महाराज ने युवाओं से कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के लिए निधि समर्पण अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें। प्रभु श्रीराम का मंदिर शीघ्र बनने वाला है, इसलिए हर हिंदू बढ़ चढ़ कर दान करें। उन्होंने ढोल ताशा पथकों को हिंदुत्व का जनजागरण करने का आह्वान किया।
प्रमुख वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद के नागपुर महानगर मंत्री प्रशांत तितरे, वाड़ी के संघचालक सुरेश पानसे, उमरेड के जिला संघचालक दीपक दुधाने, विहिप के महानगर उपाध्यक्ष अमित बेंबी व डा. करण माने, बजरंग दल के नागपुर संयोजक विशाल पुंज, विश्वजीत राजे, विहिप के जिला अध्यक्ष कैलास शर्मा, धर्म प्रसारक नागपुर महानगर प्रमुख भैयाजी चौबे उपस्थित थे। आयोजक ओंकार तलमले थे।
ढोल ताशा पथकों ने किया मंत्रमुग्ध
कार्यक्रम में पांच ढोल ताशा पथकों ने एक साथ प्रस्तुति से दर्शकों मंत्रमुग्ध कर दिया। आम्ही मराठी ढोल पथक , राजमुद्रा ढोल ताश पथक ,शिवसाई ढोल ताश पथक, भगव ढोल पथक, एकदंत ढोल ताश पथक के सदस्यों ने महावादन से जोश भर दिया।
60 कोरोना योद्धाओं का सत्कार
इस अवसर पर कोविड-19 के दौरान मानवता की सेवा कर आदर्श रखने वाले लगभग 60 योद्धाओं का सत्कार किया गया। आभार आयोजक ओंकार तलमले ने माना।


