डीसीपी ने सेवानिवृत्त होनेवाले एएसआई का अनूठे अंदाज में मनाया जन्मदिन
बस्ती की लड़कियों को शिक्षा एवं रोजगारों का दिया मार्गदर्शन
नागपुर। पुलिस विभाग में 40 साल सेवाएं देने वाले एएसआई संदीप शर्मा का जन्मदिन क्राइम ब्रांच के डीसीपी गजानन शिवलिंग राजमाने ने अनूठे अंदाज में मनाया। अजनी की टोली बस्ती की गरीब और जरूरतमंद लड़कियों को रोज इस्तेमाल की वस्तुएं देकर उन्हें मार्गदर्शन किया गया। क्राइम ब्रांच में पहली बार इस तरह का आयोजन देखकर अधिकारी - कर्मी भी गदगद हो गए।
शर्मा 1982 में भर्ती होने के बाद पांच साल पारशिवनी में तैनात रहे। इसके बाद एसीबी और शहर पुलिस में तैनात हुए। कई स्थानों पर काम करने के बाद उन्हें क्राइम ब्रांच की वाचक शाखा में अपराध सांख्यिकी का काम सौंपा गया। बेहद जटिल और संवेदनशील कार्य को शर्मा ने बखूबी निभाया। क्राइम मीटिंग अथवा शीत सत्र के दौरान उलेखनीय कार्य किया। कोविड संक्रमण में 500 लोगों को फूड पैकेट वितरण में उनकी अहम भूमिका रही। ब्रह्माकुमारी के राजयोग शिविर और रक्तदान के माध्यम से साथियों का मनोबल बढ़ाया।
शर्मा को डीजी मेडल, पुलिस पदक के अलावा सेवाकाल में 265 पुरस्कार और प्रमाणपत्र हासिल हुए हैं। कार्य के प्रति समर्पण और विनम्रता के चलते डीसीपी राजमाने ने इस माह सेवानिवृत्त होनेवाले संदीप शर्मा का जन्मदिन यादगार मनाने का मानस व्यक्त किया। इसी उपलक्ष्य में 7 जून को शर्मा के 58 वें जन्मदिन पर क्राइम ब्रांच कार्यालय में टोली बस्ती की 12 लड़कियों को आमंत्रित किया गया। डीसीपी गजानन राजमाने ने लड़कियों का मार्गदर्शन कर शिक्षा और रोजगारों की जानकारी दी। उन्हें बेहतर जीवन की प्रेरणा देकर वस्तुएं भेंट की। राजमाने ने संदीप शर्मा को भी सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया।