सड़क दुर्घटना रोकने दीपक लालवानी का सतत प्रयास जारी
https://www.zeromilepress.com/2021/08/blog-post_597.html
'सड़क सुरक्षा संदेश' रथ के माध्यम से कर रहे जनजागृति
नागपुर। दीपक एजेंसीज के संचालक तथा समाज सेवक दीपक लालवानी विगत 20 वर्षों से समाज सेवा कर रहे हैं। पानी बचाओ, बेटी बचाओ अभियान, पर्यावरण की रक्षा, पतंग उड़ाते समय बरतें सावधानी, मूक प्राणियों की सेवा सहित अन्य अभियानों के साथ प्रमुख रूप से समय-समय पर जैसे नव वर्ष, सड़क सुरक्षा माह, गणतंत्रता दिन एवं स्वतंत्रता दिन के अवसर पर 'सड़क 'सुरक्षा संदेश' रथ के माध्यम से लोगों में यातायात नियमों के प्रति जनजागृति का कार्य करते आ रहे हैं।
लालवानी का मानना है कि बढ़ती दुर्घटनाओं की संख्या को देखते हुए नागरिको में यातायात नियमों का प्रचार व प्रसार करना बहुत अधिक आवश्यक है।
दीपक लालवानी देश के पहले व्यक्ति है जो सतत गत कई वर्षों से विभिन्न अवसरों पर सड़क 'सुरक्षा संदेश रथ' के माध्यम से लोगों में यातायात नियमों के प्रति जनजागृति का कार्य करते आ रहे हैं।
देश में हर वर्ष लगभग 5 लाख दुर्घटनाएं होती है। इसमें डेढ़ लाख से अधिक लोगों की मौत होती है। तीन लाख लोग दुर्घटनाओं में गंभीर जख्मी होते हैं। इन दुर्घटनाओं में सबसे अधिक 18 से 35 वर्ष के युवकों का प्रमाण अधिक है, यह चिंता और चिंतन का विषय है। 'सड़क सुरक्षा संदेश' रथ के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी होने पर जागृति आएगी।
गत दिनों 'सड़क सुरक्षा संदेश' रथ का शुभारंभ नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के सुभ हस्ते किया गया था। हाल ही में शहर के प्रथम नागरिक महापौर दयाशंकर तिवारी ने भी 'सड़क सुरक्षा संदेश' रथ का अवलोकन कर मुक्तकंठ से दीपक लालवानी की प्रशंसा की थी। दीपक लालवानी के सामाजिक कार्यों को देखते हुए केंद्र, राज्य, तथा स्थानिक स्तर पर लगातार सराहना मिलती रही है।

