परिचय...
लघुकथा
------------
हिंदी दिवस ! पूरा देश हिंदी दिवस मना रहा था।संयोग वश उसी दिन हमारी सोसाईटी में नया चौकीदार आया। दोपहर घर में बातचीत के दौरान ज्ञात हुआ कि वह नागपुर के आसपास किसी गांव से व किसान परिवार से है।
संध्या समय बाहर जाते हुए मैंने नये चौकीदार को गेट पर देखा। थोडी़ ही देर में लगभग आठ दस वर्षीय एक लड़की उसके पास आकर खडी़ हुई।चौकीदार ने उसकी ओर मुखातिब हो कहा... "यह मेरी बेटी है।"
सहज ही उसके पास जाकर स्नेह वश मैंने पूछ लिया.
"बिटिया क्या नाम है तुम्हारा, किस कक्षा में पढ़ती हो ?"
मेरे इस प्रश्न पर एकदम सीधे खडे़ होकर, तपाक से उसने हाथ बांधे और उत्तर दिया.
"माय नेम इज़ सुनिता, आय एम इन फोर्थ क्लास।" और पिता की ओर देखा।
पिताकी छाती चौडी़ हो गई। गर्व से उसने बेटी की ओर देखा।
पर मैं...? विचारों में डूब गई।
अनजाने ही बिटिया अपने साथ देश में हिंदी की स्थिति का परिचय करवा गई।
- प्रभा मेहता,
नागपुर (महाराष्ट्र)
