Loading...

पं. माधवराव सप्रे की 150 वीं जयंती पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी


नागपुर। हिन्दी विभाग, राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय तथा महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी, मुम्बई के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 23 व 24 दिसम्बर को पं. माधवराव सप्रे की 150 वीं जयंती के अवसर पर  द्वि- दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। संगोष्ठी का विषय है - 'भारतीय नवजागरण के अग्रदूत पं. माधवराव सप्रे'। उल्लेखनीय है कि नागपुर पं. माधवराव सप्रे की कर्मभूमि रही है। यहीं से उन्होंने लोकमान्य तिलक के अखबार 'केसरी' का ' हिन्दी केसरी' के नाम से संपादन-प्रकाशन किया, जिसका भारतीय स्वाधीनता आंदोलन में विशेष महत्व है। इसके अलावा तिलक जी के 'गीता रहस्य'  तथा स्वामी समर्थ रामदास की 'दासबोध' जैसी ऐतिहासिक कृतियों का हिन्दी में अनुवाद किया।

इस संगोष्ठी का उद्घाटन 23 दिसम्बर को सुबह 10 बजे विश्वविद्यालय परिसर, अमरावती मार्ग स्थित गणित विभाग के रामानुजन सभागृह में होगा। मुख्य अतिथि होंगे- महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल तथा बतौर विशिष्ट अतिथि -द्वय महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी के सह-निदेशक श्री सचिन निम्बालकर तथा पंडित सप्रे के पौत्र श्री अशोक सप्रे उपस्थित रहेंगे। बीज वक्तव्य सप्रे संग्रहालय, भोपाल के संस्थापक पद्मश्री श्री विजयदत्त श्रीधर प्रस्तुत करेंगे । कार्यक्रम की अध्यक्षता नागपुर विश्वविद्यालय के प्र-कुलगुरु प्रो. संजय दुधे करेंगे।         

इस राष्ट्रीय संगोष्ठी के अंतर्गत ‘भारतीय नवजागरण : भारतबोध का परिप्रेक्ष्य’, ‘भारतीय स्वतंत्रता संग्राम : कलम की भूमिका’,‘भारतीय राष्ट्रीयता और इतिहास दृष्टि’ तथा ‘पंडित माधवराव सप्रे का महत्त्व’ इन चार विषयों पर व्याख्यान-सत्र आयोजित होंगे। इस संगोष्ठी में देशभर से विशिष्ट विद्वानों तथा स्थानीय विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।

संगोष्ठी में भारतीय जनसंचार संस्थान, दिल्ली के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र, दिल्ली के सदस्य सचिव प्रो. सच्चिदानन्द जोशी, प्रो. राम मोहन पाठक, पूर्व कुलपति, दक्षिण भारत हिन्दी प्रचार सभा, चेन्नईयशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान के विश्वस्त डॉ. गिरीश गांधी, राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा के प्रधानमंत्री डॉ. हेमचंद वैद्य, नागपुर विश्वविद्यालय के वित्त एवं लेखाधिकारी तथा वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रो. संजय कविश्वर, महाराष्ट्र राष्ट्रभाषा सभा, नागपुर के अध्यक्ष श्री अजय पाटील,पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के भाषाविज्ञान अध्ययनशाला के पूर्व अध्यक्ष प्रो. चितरंजन कर, उत्तर-पूर्व पर्वतीय विश्वविद्यालय, शिलॉंग के प्रो. हितेन्द्र मिश्र,दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रो. कुमुद शर्मा, 

महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय,वर्धा के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. कृपाशंकर चौबे, दैनिक भास्कर के समूह संपादक श्री प्रकाश दुबे, केन्द्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद के हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. गजेन्द्र पाठक, वरिष्ठ साहित्यकार श्री गिरीश पंकज, छत्तीसगढ़ मित्र, रायपुर के सम्पादक श्री सुशील त्रिवेदी तथा प्रबंध सम्पादक डॉ. सुधीर शर्मा, लोकमत समाचार, नागपुर के सम्पादक श्री विकास मिश्र, दैनिक नवभारत नागपुर के निवासी सम्पादक श्री संजय तिवारी, महाराष्ट्र टाइम्स, नागपुर के सम्पादक श्री श्रीपाद अपराजित, सावित्रीबाई फुले पूणे विश्वविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार रोड़े, यूसीएन चैनल के प्रधान सम्पादक श्री राजेश कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि आमंत्रित हैं।       

संगोष्ठी के निदेशक नागपुर विश्वविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज पाण्डेय ने नगरवासियों से अपील की है कि भारतीय स्वाधीनता आंदोलन में नागपुर से देश का प्रतिनिधित्व करने वाले इस कर्मवीर पत्रकार, विचारक की 150 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित  कार्यक्रम में शामिल हों।  इस अवसर पर पं. माधवराव सप्रे के व्यक्तित्व और दर्शन पर केन्द्रित पुस्तक का विमोचन तथा सप्रे जी द्वारा संपादित पत्रिका 'छत्तीसगढ़ मित्र' के विशेषांक का लोकार्पण किया जाएगा।

समाचार 2139101706298108601
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list