रोटरी क्लब ऑफ नागपुर होरायझन द्वारा जी.एच. रायसोनी पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र संपन्न
https://www.zeromilepress.com/2025/07/blog-post_15.html?m=0
नागपुर। रोटरी क्लब ऑफ नागपुर होरायझन (RCNH) द्वारा जी.एच. रायसोनी पब्लिक स्कूल, हिंगणा में सोमवार, 14 जुलाई 2025 को छठवीं से दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए एक अत्यंत जानकारीपूर्ण स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का मुख्य विषय बचपन में मोटापा और मधुमेह के बढ़ते प्रकोप पर केंद्रित था, जो आजकल के जंक फूड और शक्कर युक्त पेयों की अधिकता के कारण तेजी से फैल रहा है। इस सत्र में लगभग 120 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन क्लब की हाल ही में शामिल हुईं दो ऊर्जावान सदस्यों – डॉ. प्राजक्ता कदमस्कर और डॉ. लक्ष्मी सांबरे ने किया। उन्होंने चित्रों, वास्तविक जीवन के उदाहरणों और संवादात्मक शैली के माध्यम से विद्यार्थियों को अस्वस्थ खान-पान की आदतों के खतरों और संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा अनुशासित जीवनशैली के महत्व को समझाया।
छात्रों ने पूरे उत्साह से भाग लिया और कई सारगर्भित प्रश्न पूछे। इस अवसर पर छात्रों को एक प्रभावशाली और सरल स्वास्थ्य सूत्र ‘85210’ के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें शामिल हैं : 8 घंटे की नींद, 5 या अधिक फल एवं सब्जियाँ प्रतिदिन, 2 घंटे या उससे कम स्क्रीन टाइम, 1 घंटा या अधिक शारीरिक गतिविधि, 0 मीठे पेय (सोडा, शक्कर वाली ड्रिंक्स आदि)
इस संदेश को विद्यार्थियों ने गंभीरता से ग्रहण किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. लक्ष्मी सांबरे द्वारा एक क्विज का आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले छात्रों को स्वस्थ ड्राय फ्रूट्स के पैकेट इनामस्वरूप प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मीनाक्षी भाटिया, रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. सुधीर मंगरुलकर, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. राजेश बल्लाल, एवं रोटेरियन रंजना धवड उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शिल्पा नांदुरकर द्वारा किया गया।
सत्र का समापन एक प्रभावशाली संदेश के साथ हुआ - ‘सही खाएं, सक्रिय रहें और जंक फूड को कहें ना’! यह संदेश विद्यार्थियों के मन में गहरी छाप छोड़ गया। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना की और इसे आज के समय में अत्यंत आवश्यक बताया।