Loading...

घरेलू कामकाजी महिलाओं के लिए स्वास्थ्य और सम्मान की मकर संक्रांति


स्वच्छता, सम्मान और स्वास्थ्य का सशक्त संदेश देने वाला जिव्हाळा संस्था का सराहनीय उपक्रम

नागपुर/हिंगोली। समाज की नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली, लेकिन अक्सर उपेक्षित रहने वाली घरेलू कामकाजी महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को ध्यान में रखते हुए इंटरनेशनल आइकॉन अवॉर्ड एवं ISO प्रमाणित जिव्हाळा संस्था द्वारा हिंगोली में एक अत्यंत सराहनीय, संवेदनशील और समाजोपयोगी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। 


इस कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंगोली नगर परिषद की नवनिर्वाचित नगराध्यक्षा मा. रेखाताई श्रीरामदादा बांगर ने की। जिव्हाळा संस्था की ओर से उनका पुष्पगुच्छ एवं शॉल देकर सम्मान किया गया। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित हल्दी-कुमकुम समारोह के माध्यम से शहर की 110 घरेलू कामकाजी बहनों को सम्मान, अपनापन और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करने का सच्चे मन से प्रयास किया गया। 

इस अवसर पर नगराध्यक्षा मा. रेखाताई श्रीरामदादा बांगर के करकमलों द्वारा महिलाओं को उनकी दैनिक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सामग्री से युक्त हाइजीन किट मकर संक्रांति उपहार स्वरूप वितरित की गई। जिव्हाळा संस्था की सचिव रोहिणी अलमुलवार ने अपने संबोधन में संस्था के अब तक के सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए इस उपक्रम की भूमिका स्पष्ट की। 

उन्होंने कहा कि घरेलू कामकाजी महिलाओं की दैनिक स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस हाइजीन किट की रचना की गई है। इस किट में सैनिटरी पैड, नहाने का साबुन, कपड़े धोने का साबुन, टूथपेस्ट, टूथब्रश, मास्क, हैंड ग्लव्स आदि आवश्यक सामग्री शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं का स्वस्थ रहना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार के स्वास्थ्य की मजबूत नींव होता है। कार्यक्रम में डॉ. राधिका देशमुख ने महिलाओं को उनके दैनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। 

उन्होंने विशेष रूप से व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान स्वास्थ्य प्रबंधन, पोषण, संक्रमण से बचाव तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जानकारी दी। जिव्हाळा संस्था के अध्यक्ष अतुल लताताई राम मादावार ने अपने मार्गदर्शनपर भाषण में हाइजीन किट के महत्व को स्पष्ट किया और महिलाओं को मकर संक्रांति एवं गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक जीवन के लिए जिव्हाळा संस्था सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। 

कार्यक्रम की अध्यक्ष के रूप में बोलते हुए मा. रेखाताई श्रीराम बांगर ने भावुक शब्दों में कहा, “घरेलू कामकाजी महिलाएं परिवार और समाज की असली रीढ़ हैं। वे अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर दिन-रात मेहनत करती हैं। उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिव्हाळा संस्था द्वारा आयोजित यह उपक्रम केवल सहायता नहीं, बल्कि मानवता का सजीव उदाहरण है। ऐसे कार्यक्रम समाज को नई दिशा देने वाले हैं।”
उन्होंने जिव्हाळा संस्था के सामाजिक कार्यों की विशेष सराहना की। हल्दी-कुमकुम समारोह के कारण महिलाओं के चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट दिखाई दे रहा था। समाज के उपेक्षित वर्गों के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए जिव्हाळा संस्था निरंतर कार्यरत है, ऐसा संस्था के पदाधिकारियों ने बताया। 

इस भव्य कार्यक्रम का सूत्रसंचालन संस्था की सलाहकार संगीता मादावार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रोहित अलमुलवार ने किया। कार्यक्रम में हिंगोली नगर परिषद की नगराध्यक्षा मा. रेखाताई श्रीराम बांगर, जिव्हाळा संस्था के अध्यक्ष अतुल लताताई राम मादावार, नगरसेविका ज्योती रामकिशन बांगर, नगरसेविका सुनीता विशाल गोटरे, सचिव रोहिणी अलमुलवार, महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी ज्योतीताई वाघमारे, डॉ. राधिका देशमुख, रेशमा किरण मोहरे, ज्योतीताई कोथळकर, रोहित अलमुलवार, रोहन अलमुलवार सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
समाचार 3371096627248476272
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list