रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए स्नेह भ्रमण का आयोजन
https://www.zeromilepress.com/2026/01/blog-post_93.html?m=0
संस्था के अध्यक्ष रमेशचंद्र बंग के सहस्त्रचंद्र दर्शन समारोह का औचित्य; 100 कर्मचारियों की सहभागिता
नागपुर/हिंगणा। हिंगणा स्थित स्वर्गीय देवकीबाई बंग हाईस्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय (हिंगणा, आमगांव देवळी एवं कान्होलीबारा शाखा) तथा नेहरू विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के लिए हाल ही में एक विशेष पिकनिक का आयोजन किया गया। विद्यालय की स्थापना को 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तथा संस्था के अध्यक्ष रमेशचंद्र बंग के सहस्त्रचंद्र दर्शन समारोह के शुभ अवसर पर यह आनंदोत्सव आयोजित किया गया।
विद्यालय की प्रगति में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों द्वारा दी गई निष्ठावान सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से संस्था की ओर से यह पहल की गई। संस्था के अध्यक्ष रमेशचंद्र बंग, उपाध्यक्ष अरुणा बंग तथा कोषाध्यक्ष महेश बंग के मार्गदर्शन में यह आयोजन संपन्न हुआ। विशेष बात यह रही कि संचालक मंडल ने स्वयं उपस्थित रहकर कर्मचारियों का उत्साह दोगुना किया।
इस भ्रमण के दौरान शिक्षकों के लिए विविध मनोरंजक प्रतियोगिताओं एवं ‘हाउस गेम्स’ का आयोजन किया गया। दैनिक अध्यापन कार्य से समय निकालकर सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक इनमें भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मनोरंजन के साथ- साथ सभी ने स्वादिष्ट भोजन का भी आनंद लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य नितीन तुपेकर, प्राचार्य शशिकांत मोहिते, मुख्याध्यापक संदीप कैलुके तथा मुख्याध्यापिका मंगला दुरबुडे की प्रमुख उपस्थिति रही। भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने केवल खेलों में ही नहीं, बल्कि नृत्य एवं विविध कलागुणों के सादरीकरण से कार्यक्रम में रंगत भर दी। लगभग 100 कर्मचारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई यह स्नेह सहल सभी के लिए अविस्मरणीय रही।
