शांति के लिए भगवान महावीर और गौतम बुद्ध के अहिंसा की आवश्यकता
https://www.zeromilepress.com/2026/04/blog-post_9.html
नागपुर वैचारिक मंच के संवाद कार्यक्रम में वक्ताओं की राय
नागपुर। युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं है। दुनिया में शांति के लिए युद्ध नहीं, बल्कि भगवान महावीर और गौतम बुद्ध के अहिंसा की आवश्यकता है। युद्ध को रोककर शांति के लिए भारत को पहल करनी चाहिए। यह बात वक्ताओं ने नागपुर वैचारिक मंच की ओर से 'युद्ध और शांति' विषय पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में कही। विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार इन्दिरा किसलय ने की। कार्यक्रम में वरिष्ठ संपादक -पत्रकार एस एन विनोद तथा कार्यक्रम के संयोजक व कवि डॉ राजेंद्र पटोरिया प्रमुखता से उपस्थित थे।
संवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण नागपाल व नीरज श्रीवास्तव, अधिवक्ता ओ. डी. जैन, वरिष्ठ कवि बलवंत भोयर, धृति बेडेकर, वरिष्ठ गजलकार माधुरी राऊलकर, उपनिदेशक (राजभाषा) अनिल त्रिपाठी तथा व्यंग्यकार टीकाराम साहू 'आजाद' ने अपने- अपने विचार व्यक्त किए। रविवार, 4 अप्रैल को दोपहर 2 बजे 'नागपुर शहर' विषय पर संवाद कार्यक्रम होगा। संचालन डॉ राजेंद्र पटोरिया ने किया। आभार आजाद ने माना।