तेजस 2.0 पहल में ‘स्वस्थ आहार एवं सही शारीरिक मुद्रा’ पर विशेष सत्र
https://www.zeromilepress.com/2026/05/20.html
अधिकारियों को दी गई उपयोगी जानकारी
नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के तेजस 2.0 पहल के अंतर्गत प्रतिभागी अधिकारियों हेतु “स्वस्थ आहार एवं सही शारीरिक मुद्रा” विषय पर नर्व स्टीमूलेशन थेरेपिस्ट व योग थेरेपिस्ट डॉ. प्रवीण डबली द्वारा एक ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में वर्तमान कार्यशैली में गलत बैठने एवं कार्य करने की आदतों से उत्पन्न होने वाली शारीरिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सही मुद्रा के महत्व को भी स्पष्ट किया गया।
डॉ. डबली ने अपने मार्गदर्शन में बताया कि सही शारीरिक मुद्रा अपनाने से कमर एवं गर्दन दर्द में कमी आती है, श्वास प्रक्रिया बेहतर होती है, एकाग्रता एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होती है तथा दीर्घकालिक मांसपेशीय एवं हड्डियों से संबंधित समस्याओं से बचाव संभव होता है। उन्होंने प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में अपनाए जा सकने वाले सरल एर्गोनॉमिक्स तथा शारीरिक मुद्रा सुधार की तकनीकों की भी जानकारी दी।
यह सत्र अत्यंत संवादात्मक एवं उपयोगी रहा, जिसे प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य एवं कार्यकुशलता दोनों के लिए लाभकारी बताया। तेजस 2.0 के माध्यम से डब्ल्यूसीएल अपने अधिकारियों के समग्र विकास एवं भविष्य उन्मुख नेतृत्व निर्माण की दिशा में सतत प्रयासरत है।
