केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले से लहू सेना के प्रतिनिधि मंडल ने की चर्चा
https://www.zeromilepress.com/2026/05/blog-post_4943.html?m=0
अनुसूचित जाति आरक्षण में उपवर्गीकरण तत्काल लागू किया जाए
नागपुर। रवि भवन में आज केंद्रीय मंत्री व समाज कल्याण मंत्री रामदास आठवले से लहू सेना के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की और महाराष्ट्र सरकार से अनुसूचित जाति (SC) आरक्षण का उपवर्गीकरण तुरंत लागू करने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व लहू सेना के प्रमुख श्री संजय कठाळे ने किया।
प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि 1 अगस्त 2024 के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप महाराष्ट्र सरकार को उपवर्गीकरण की घोषणा कर उसे लागू करना चाहिए। उनका तर्क था कि उपवर्गीकरण से राज्य के अत्यंत वंचित, उपेक्षित और पिछड़े समूहों को समतुल्य और निष्पक्ष सामाजिक न्याय मिल सकेगा।
मौके पर कहा गया कि यह मांग दशकों से लंबित है और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के समानता व बंधुत्व के सिद्धांतों के अनुरूप अनुसूचित जातियों के भीतरी वंचित समूहों को उचित हिस्सेदारी दिलाने के लिए आवश्यक है। प्रतिनिधि मंडल ने यह भी जोड़ा कि जब तक उपवर्गीकरण निश्चित नहीं होता, तब तक राज्य में कोई भी सरकारी मेगा भर्ती नहीं करनी चाहिए।
लहू सेना ने सरकार से वैज्ञानिक आधार पर एंपिरिकल डेटा एकत्र कर जनसंख्या और पिछड़त्व के विश्लेषण करने का आग्रह भी किया। प्रतिनिधि मंडल ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि लंबे समय से अवसरों से वंचित रहे घटकों के अधिकार और न्याय के लिए है। उन्होंने 1961 की जनगणना के आधार पर भी उपवर्गीकरण लागू करने की बात दोहराई।
प्रतिनिधि मंडल में उपस्थित प्रमुख सदस्य प्रकाश ऊकूडे, दिपक पवार, बापू वानखेडे, सुनिल तेलंगे, अनिल गोसावी, रवी कठाळे, लक्ष्मण पगारे, गोविंद खडसे, विशाल लारोकर, शांताराम काबळे, संध्याताई कठाळे, शंकर बावने, रुपेश वानखेडे, संतोष पायघण आदि रहे।
