केवल अंक नहीं, व्यक्तित्व विकास ही सफलता की असली कुंजी : प्रवीण बागड़े
https://www.zeromilepress.com/2026/06/blog-post_171.html
नागपुर। अखिल भारतीय सर्वधर्म समाज पार्टी की ओर से दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन गृहनिर्माण सोसायटी, बजरंग नगर में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अब्दुल वहीद पटेल ने की। मुख्य अतिथि एवं मार्गदर्शक के रूप में डॉ. अब्दुल बारी तथा कवि तन्हा नागपुरी उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में प्रशासकीय अधिकारी एवं सामाजिक चिंतक प्रवीण बागड़े, वरिष्ठ साहित्यकार प्रभाकर सोमकुवर तथा आयु. अशोककुमार डोहारे उपस्थित रहे। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रवीण बागड़े ने कहा कि “अंक सफलता का एक पैमाना हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और निरंतर ज्ञानार्जन ही जीवन में सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया। डॉ. अब्दुल बारी ने सर्वधर्म समभाव, सामाजिक सौहार्द और शिक्षा के माध्यम से समाज जागरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता और शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। अभिभावकों ने ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इनके आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन आयोजकों द्वारा किया गया। विद्यार्थियों के उत्साह और मार्गदर्शनपूर्ण विचारों से कार्यक्रम यादगार बन गया।
