अनायास ध्यान
https://www.zeromilepress.com/2026/06/blog-post_5893.html?m=0
हर रात सोने से पहले अपने तन, मन और धन को अपने आराध्य के चरणों में समर्पित करके आँखें बंद करें और स्वयं को पूर्णतः ईश्वर के हवाले कर दें। रात की नींद और सुबह का जागना केवल एक शारीरिक प्रक्रिया नहीं है; इसके भीतर एक गहरा आध्यात्मिक रहस्य छिपा है। दिनभर ‘मैं’, ‘मेरा’, ‘मेरी इच्छाएँ’ और ‘मेरे प्रयास’ में उलझा हुआ मनुष्य जब सोता है, तब अनजाने में सब कुछ छोड़ देता है। पद, प्रतिष्ठा, धन, चिंताएँ, सफलता, असफलता, संबंध और अहंकार- कुछ भी उसके हाथ में नहीं रहता।
एक अर्थ में नींद प्रतिदिन होने वाला सहज ध्यान है। ध्यान में हम सजग होकर बाहरी संसार से भीतर की शांति की ओर जाते हैं, जबकि नींद में प्रकृति स्वयं हमें उसी शांति में धीरे से ले जाती है। शायद इसी कारण गहरी नींद इतनी सुखद अनुभव होती है, क्योंकि उस समय मनुष्य कुछ क्षणों के लिए अहंकार से मुक्त हो जाता है।
न बीते कल का पछतावा, न आने वाले कल का भय- केवल शांत अस्तित्व। और जब भोर में आँख खुलती है, श्वास चल रही होती है और सूर्य पुनः जीवन का संदेश लेकर आता है, तब संवेदनशील हृदय अनुभव करता है कि यह केवल जागना नहीं, बल्कि ईश्वर की कृपा है। हम हर रात स्वयं को पूर्णतः अज्ञात के भरोसे छोड़ देते हैं और हर सुबह फिर से जागते हैं- इससे बड़ा विश्वास और इससे बड़ा चमत्कार क्या हो सकता है? संभवतः अध्यात्म की शुरुआत इसी बोध से होती है कि- जीवन पर हमारा अधिकार नहीं, केवल सहभाग है। हम स्वामी नहीं, बल्कि ईश्वर की योजना के निमित्त मात्र हैं।
हर सुबह केवल नए दिन की शुरुआत नहीं होती; वह अस्तित्व का कोमल संदेश होती है- अभी तुम्हारा कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। जो व्यक्ति रात को समर्पण और सुबह कृतज्ञता के साथ जीता है, उसके लिए प्रत्येक दिन साधना बन जाता है। तब उसे समझ आने लगता है कि नींद केवल विश्राम नहीं और जागना केवल दिनचर्या नहीं, बल्कि प्रतिदिन घटने वाला एक अदृश्य आध्यात्मिक चमत्कार है। जिसे इस सत्य का अनुभव हो जाए, उसके जीवन में अध्यात्म का वास्तविक उदय हो चुका है। शुभम भवतु।
- अनिल घनवट
पुणे, महाराष्ट्र
