नागपुर में 122 साल पुराने फ्रीमेसन्स हॉल के खुलेंगे द्वार



25 अक्टूबर को आम नागरिकों के लिए होगा विशेष आयोजन


फ्रीमेसनरी के इतिहास, परंपराओं और सिद्धांतों से रूबरू होंगे नागरिक; ऐतिहासिक भवन का होगा गाइडेड टूर


नागपुर। शहर की ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत से जुड़ा 122 वर्ष पुराना फ्रीमेसन्स हॉल आगामी रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को आम नागरिकों के लिए खोला जाएगा। सिविल लाइंस स्थित इस ऐतिहासिक भवन में विशेष ओपन हाउस का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को फ्रीमेसनरी के इतिहास, परंपराओं, प्रतीकों और मूल सिद्धांतों से परिचित कराना तथा इस संगठन के प्रति प्रचलित भ्रांतियों को दूर करना है। इंग्लिश कॉन्स्टिट्यूशन के अंतर्गत कार्यरत नागपुर की तीन फ्रीमेसन्स लॉज-द कोरिंथ लॉज नंबर 1122 EC, लॉज ब्रॉमहम नंबर 6175 EC और लॉज पेंचवेल नंबर 7643 EC- के संयुक्त तत्वावधान में यह पहल की जा रही है।


1904 में पूर्ण हुआ था ऐतिहासिक भवन

सिविल लाइंस स्थित फ्रीमेसन्स हॉल का निर्माण कार्य वर्ष 1904 में पूरा हुआ था और उसी वर्ष इसे प्रतिष्ठित किया गया था। यह भवन नागपुर की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ओपन हाउस के माध्यम से नागरिकों को इस विरासत को करीब से देखने और शहर के इतिहास के एक अपेक्षाकृत कम चर्चित अध्याय को जानने का अवसर मिलेगा।


गाइडेड टूर और सवाल-जवाब सत्र होगा आकर्षण

आयोजन के दौरान आगंतुकों को भवन का निर्देशित भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान उन्हें फ्रीमेसनरी से जुड़े प्रतीकों, परंपराओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित होगा, जिसमें नागरिक संगठन के सदस्यों से सीधे सवाल पूछ सकेंगे, अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कर सकेंगे और इसकी गतिविधियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।


ईमानदारी, मित्रता, नैतिक विकास और समाजसेवा पर जोर

फ्रीमेसनरी एक भ्रातृभाव पर आधारित संगठन है, जो ईमानदारी, मित्रता, नैतिक विकास, परोपकार और दूसरों की सेवा जैसे मूल्यों पर बल देता है। संगठन को लेकर लंबे समय से लोगों में जिज्ञासा रही है और कई तरह की भ्रांतियां भी प्रचलित हैं। आयोजकों के अनुसार, ओपन हाउस का उद्देश्य लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, संगठन की परंपराओं को समझने का अवसर देना तथा समाजसेवा और सामुदायिक कार्यों में इसके योगदान को सामने लाना है।

यह पहल ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ नागरिकों और संगठन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


आयोजन का समय एवं संपर्क

ओपन हाउस रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक फ्रीमेसन्स हॉल, सिविल लाइंस, नागपुर में आयोजित होगा। आम नागरिकों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें :

डब्ल्यू. ब्रो. हितेन शाह - 8149182844. 

डब्ल्यू. ब्रो. रोहित दीक्षित - 9822295580, 

डब्ल्यूएम गिरिश साधवानी - 99224 13885, 

जारीकर्ता : द फ्रीमेसन्स EC लॉजेज ऑफ नागपुर।


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

विपरीत परिस्थितियों में भी समाजसेवा का संकल्प ही सच्ची सेवा : पद्मश्री डॉ. विकास महात्मे