समरूपण ग्रुप का स्तुत्य उपक्रम : विशेष बच्चों की दीपावली को बनाया यादगार



दंत जाँच शिविर, रंगोली प्रतियोगिता, आर्थिक सहयोग और रोजगारोन्मुख मशीनों से बच्चों के सशक्तीकरण की पहल


नागपुर। पद्मानगर, नारी रोड, नागपुर स्थित गुरुवार, 22 अक्टूबर को एकता बहुउद्देशीय एजुकेशन सोसायटी परिसर में समरूपण ग्रुप की ओर से विशेष बच्चों के लिए दीपावली कार्यक्रम आयोजित किया गया। 


सोसायटी के अंतर्गत संचालित जीवन रक्षा मतिमंद स्कूल, श्री किसान मूक बधिर स्कूल और अलका चहांदे डेवलपमेंट सेंटर के लगभग 100 बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा की गईं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवा, प्रतिभा प्रोत्साहन, आर्थिक सहयोग और आत्मनिर्भरता के लिए उपयोगी संसाधन उपलब्ध कराने की पहल की गई।


कार्यक्रम के अवसर पर डॉ. आशीष मोदी एवं उनकी टीम ने लगभग 25 से 30 विशेष बच्चों का दंत परीक्षण किया। डॉ. मोदी ने आगे भी अपने क्लीनिक में बच्चों को निःशुल्क दंत चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए ₹1,500 प्रतिमाह देने की घोषणा की। अंजली सराफ ने भी बच्चों के लिए ₹1,500 प्रतिमाह सहयोग देने की घोषणा की।


मूक बधिर बच्चों के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने आकर्षक रंगोलियाँ बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। प्रभा जैन और मधु सरिया ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार के विजेताओं का चयन किया।


समरूपण ग्रुप की सदस्य मधु सरिया, मधु सिंघी, मधु दोषी, सरोज अग्रवाल और अंजली सराफ ने बच्चों को नाश्ता, मिठाइयाँ और पटाखे वितरित किए। बच्चों ने पटाखे छोड़कर दीपावली उत्सव की शुरुआत की और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।


विशेष बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रमिला मुनोत ने मतिमंद बच्चों के लिए फ्रिज प्रदान किया। V K S Foundation की ओर से अगरबत्ती बनाने की मशीन दी गई, जिससे विशेष बच्चे अगरबत्ती निर्माण के माध्यम से आजीविका अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।


इसी प्रकार, कृष्ण सेवा संस्था, अकोला की ओर से समरूपण ग्रुप के सहयोग से पेपर प्लेट बनाने की मशीन उपलब्ध कराई गई। इस मशीन के माध्यम से लगातार पेपर प्लेटें बनाई जा रही हैं, जिससे रोजगारोन्मुख गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।


समरूपण ग्रुप के दानदाताओं और सदस्यों ने स्कूल भवन के निर्माण में महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग दिया है। मूक बधिर बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऑडियो रूम भी बनवाया गया है, जिसका लाभ बच्चों को लगातार मिल रहा है।


समरूपण ग्रुप के सदस्य पिछले 18 वर्षों से एकता बहुउद्देशीय एजुकेशन सोसायटी से जुड़े हुए हैं। ग्रुप के दानदाता, प्रशिक्षक और सदस्य विशेष बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।


दीपावली के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल त्योहार मनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं, आर्थिक सहयोग, प्रतिभा प्रोत्साहन और रोजगार के अवसरों के माध्यम से विशेष बच्चों को बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रेरणादायी उदाहरण बना।


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

विपरीत परिस्थितियों में भी समाजसेवा का संकल्प ही सच्ची सेवा : पद्मश्री डॉ. विकास महात्मे