रात 12 तक रेस्टोरेंट खुला रखने की दे अनुमति
https://www.zeromilepress.com/2020/11/12.html
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी व्यापारी आघाड़ी के अध्यक्ष स्वप्निल अहिरकर के नेतृत्व में महापौर संदीप जोशी, जिल्हाधिकारी रवींद्र ठाकरे, मनपा आयुक्त राधाकृष्णन बी. एवं पालकमंत्री नितिन राऊत को निवेदन सौंपा गया।
नागपुर। हमारे शहर को मेट्रो सिटी घोषित कर दिया है। यहां भी रेस्टारेंट खोलने का निर्णय स्वागत योग्य है लेकिन निर्धारित समय व्यापार की दृष्टि से अपूर्ण है। व्यापारी वर्ग तथा जनता की सेवा के लिए शहर के रेस्टारेंट का समय प्रातः १० से रात १२ बजे तक करने की मांग को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी व्यापारी आघाड़ी के अध्यक्ष स्वप्निल अहिरकर के नेतृत्व में महापौर संदीप जोशी, जिल्हाधिकारी रवींद्र ठाकरे, मनपा आयुक्त राधाकृष्णन बी. एवं पालकमंत्री नितिन राऊत को निवेदन सौंपा गया।
अहिरकर ने बताया कि कोविड - १९ संक्रमण के कारण विगत ८ माह से रेस्टारेंट इंडस्ट्री बंद थी, जिसके कारण व्यापारी तथा उन पर निर्भर कर्मचारी मानसिक तनाव तथा आर्थिक परेशानी में पड़ गए हैं।
मिशन बिगीन अगेन के तहत रेस्टारेंट बंद करने का समय रात १० बजे किया गया है और यह समय उपयुक्त नहीं है। अधिकांश नागरिक रात
१० बजे के बाद ही अपने परिवारजनों के साथ रेस्टारेंट में जाते हैं।
छात्र, कार्यालय में कार्य करने वाले लोग, अन्य व्यापारी प्रतिष्ठान के संचालक, कर्मचारी आदि अपने प्रतिष्ठान बंद होने के बाद ही देर शाम बाहर भोजन के लिए निकलते हैं। इसके अलावा रात के समय बाहरगांव से आने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक है।
लेकिन रेस्टारेंट रात ९ बजे ही बंद होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। दूसरी ओर रेस्टारेंट संचालकों को भी नुकसान उठाना पड़ता है। उक्त बातों को ध्यान में रखते हुए प्रशासकीय जीआर में परिवर्तन करना जरूरी है।
रेस्टारेंट का समय रात १२ बजे तक करने से सभी को लाभ होगा। पालकमंत्री नितिन राऊत ने कहा कि वे जल्द ही इस बारे में सकारात्मक निर्णय करेंगे। प्रतिनिधि मंडल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी व्यापारी आघाड़ी के अध्यक्ष स्वप्निल अहिरकर के अलावा रुद्रा धाकडे, आषुतोष डोंगरे सहित अन्य उपस्थित थे।