अवैध शराब व्यापार के खिलाफ करो कारवाई : ज्वाला धोटे
https://www.zeromilepress.com/2020/11/blog-post_582.html?m=0
अवैध शराब व्यापार के खिलाफ करो कारवाई : ज्वाला धोटे
नागपुर। शहर की 'क्राइम कॅपिटल' की छवि मिटानी है तो सबसे पहले इन अवैध शराब निर्माताओं और विक्रेताओं पर अंकुश लगना नितांत जरूरी है। इस विषय में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता तथा विदर्भ अन्याय निवारण समिति की अध्यक्षा ज्वाला जांबुवंतराव धोटे के नेतृत्व में शहर क्राइम विभाग के डीसीपी गजानन राजमाने को ज्ञापन सौंपा गया।
उन्होंने ज्ञापन में बताया कि शहर की अधिकांश झोपड़पट्टीयो में अवैध शराब निर्माण के केंद्र है। शहर में जगह जगह अवैध शराब निर्माण और बिक्री खुले आम शुरू है। अवैध शराब निर्माताओं और विक्रेताओं से शायद मधुर संबंध होने के कारण अनेक आंदोलनों के बावजूद अवैध शराब निर्माताओं और विक्रेताओं पर अंकुश नही लगता।
अवैध शराब की बिक्री मानों नागपुर शहर की पहचान बन चुकी है। हजारों की नागपुर पुलिस की फौज अवैध शराब निर्माताओं और विक्रेताओं पर अंकुश नही लगा सकती यह बात समझ से बाहर है। अनेक गरीब परिवार इस अवैध शराब के सेवन के चलते बर्बाद हो गए है और हजारों परिवार बर्बादी की कगार पर है।
शहर में अपराध बढते जा रहा है। जिस के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शराब ही जिम्मेदार है क्योंकि यह सिद्ध हो चुका है कि 90 प्रतिशत अपराध शराब के नशे में अंजाम दिये जाते है। एक केंद्रीय मंत्री और महाराष्ट्र सरकार के तीन हेवी वेट मंत्री नागपुर जिले के प्रतिनीधी होने के बावजूद यदि अवैध शराब निर्माताओं और विक्रेताओं पर प्रतिबंध नही लगता तो यह बहुत ही शर्मनाक स्थिति है।
अवैध शराब निर्माताओं और विक्रेताओं के प्रति नागपुर पुलिस की भूमिका संदेहास्पद है। पुलिस की 'थर्ड डिग्री' के आगे शातिर डाॅन माफिया और अपराधी सिधे हो जाते है। इस अवसर पर अभिजीत समर्थ, जावेद बेग, चेतन कोलते, शहारूक मिर्जा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
