गडकरी ने किया 'सिंधुड़ीअ जो सरताजु कंवरु' का विमोचन
नागपुर। अमर शहीद संत कंवरराम साहिब के जीवन चरित्र पर आधारित किशोर लालवाणी द्वारा लिखित व तुलसी सेतिया द्वारा निर्देशित सिंधी महानाटक 'सिंधुड़ीअ जो सरताज कंवरु' इस पुस्तक का विमोचन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हस्ते, संत कंवरराम धाम जरवार अमरावती के संत साईं राजेशलालजी के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद के उपाध्यक्ष घनश्याम कुकरेजा, नागपुर महानगर पालिका आरोग्य व वेद्यकीय समिति के सभापति वीरेंद्र कुकरेजा, महाराष्ट्र राज्य मेडीकल काउंसिल के उपाध्यक्ष डा. विंकी रुघवानी, वरिष्ठ समाज सेवी प्रा. विजय केवलरामानी, नगर सेविका प्रमिला मथरानी, प्रताप मोटवानी, साधना सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष एड. विनोद लालवानी, संजय चौधरी, मोहन मंजानी, कमल मूलचंदानी, जगदीश वंजानी, हन्नी गोगिया, मोहन सचदेव,आदि मंच पर उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लेखक किशोर लालवानी को शुभकानाएं दीं और कहा कि संत कंवरराम साहिब के जीवन को दर्शाने वाले नाटक की पुस्तक का प्रकाशन करना सराहनीय कदम है।मुख्य अतिथी साईं राजेशलालजी ने कहा कि किशोर लालवानी द्वारा लिखित व तुलसी सेतिया द्वारा निर्देशित इस नाटक में संत कंवरराम साहिब के जीवन प्रसंगों को बहुत सुन्दर ढंग से प्रस्तुत किया गया है। नाटक के कुछ दृश्यों को बहुत ही मार्मिकता के साथ प्रस्तुत किया गया है।
वीरेन्द्र कुकरेजा ने कहा कि इस नाटक को हजारों दर्शकों ने देखा है और सराहा भी है। प्रस्तावना में निर्देशक तुलसी सेतिया ने बताया कि राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद के सहयोग से वरिष्ठ रंगकर्मी किशोर लालवाणी द्वारा सिंधी देवनागरी व अरबी सिंधी भाषा में लिखित इस पुस्तक का प्रकाशन स्केन कंप्यूटर अहमदाबाद द्वारा किया गया है।
उल्लेखनीय कि किशोर लालवानी ने नाटकों के अलावा कई फिल्में भी लिखी हैं। किशोर लालवानी ने कहा कि इस महानाटक का मंचन नागपुर व अमरावती के अलावा अलग अलग शहरों में तथा संत कंवरराम साहिब की जन्म स्थली सिंध पाकिस्तान स्थित 'जरवार' में भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन नगर सेविका सुषमा चौधरी ने किया।
