सहकार जगत देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ : गडकरी
https://www.zeromilepress.com/2021/08/blog-post_699.html?m=0
साधना सहकारी बैंक के स्थापना दिवस समारोह में केन्द्रीय मंत्री के उद्गार
नागपुर। सहकार के क्षेत्र में अग्रणी साधना सहकारी बैंक के 37वें स्थापना दिवस समारोह में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि सहकार जगत नित नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है. साधना सहकारी बैंक भी इसका जीता-जागता उदाहरण है. सहकारी बैंकों का देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
उन्होंने बैंक के संस्थापकों स्व. अर्जुनदास कुकरेजा और स्व. गंगाधरराव फडणवीस का स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा रोपे गए बीज ने आज वटवृक्ष का रूप धारण कर लिया है. बैंक ने प्रतिकूल परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए सफलता के कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं. केन्द्रीय मंत्री ने आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण बैंक के नवनिर्मित विशाल भवन की सराहना की.
गडकरी ने कहा कि साधना सहकारी बैंक की आशातीत प्रगति में संचालकों की स्वच्छ छवि का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. साथ ही ग्राहकों के बैंक के प्रति विश्वास ने भी इसके विकास का मार्ग प्रशस्त किया है. उन्होंने सरकार की ओर से बैंक को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. बैंक के चेयरमैन घनश्याम कुकरेजा ने वित्तीय संस्थान का विस्तृत अहवाल देते हुए कहा कि इसके माध्यम से समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है.
कर्मचारियों के समर्पण भाव की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान की गई. उन्होंने बताया कि बैंक के पास वर्तमान में लगभग 200 करोड़ रु. की जमापूंजी है. प्रारंभ से ही बैंक को सरकार की ओर से अ वर्ग मिलता आया है. अंशधारकों को प्रथम वर्ष से ही लाभांश का वितरण किया जा रहा है.
विशेष अतिथि महापौर दयाशंकर तिवारी ने बैंकिंग व्यवसाय को विचित्र निरूपित करते हुए कहा कि यह अनिश्चितताओं से भरा होता है. विशेष रूप से ऋण के लेनदेन में काफी सावधानी बरतनी पड़ती है. उन्होंने बैंक के समस्त संचालकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता 37 वर्षों के निरंतर प्रयासों और प्रवास की परिपूर्णता है.
प्रारंभ में चेयरमैन घनश्याम कुकरेजा ने मुख्य अतिथि गडकरी का शाल, श्रीफल व स्मृतिचिन्ह देकर सत्कार किया. विशेष अतिथि महापौर दयाशंकर तिवारी का स्वागत बैंक के उपाध्यक्ष एड. विनोद लालवानी ने किया.
समारोह में उदासी दरवार के गद्दीनशीन सन्मुखदास उदासी प्रमुखता से उपस्थित थे. मंच पर नगरसेवक वीरेन्द्र कुकरेजा, नगरसेविका प्रमिला मथरानी, सुपमा चौधरी, विधायक गिरीश व्यास, पूर्व विधायक डा. मिलिंद माने व बैंक के समस्त संचालक विराजमान थे. अतिथि आगमन के सम्मान में सिंधी समाज के छेज नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. मंच संचालन डा. महेश तिवारी व सिमरन ज्ञानचंदानी ने किया.
