सीएमडी मनोज कुमार ने किया राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ
नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कंपनी के अध्यक्ष - सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार ने कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की प्रतिज्ञा दिलाई। इसी के साथ वेकोलि मुख्यालय में 14 सितंबर से 28 सितंबर तक चलने वाले राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ हुआ।
उद्घाटन कार्यक्रम निदेशक (कार्मिक) डॉ. संजय कुमार, निदेशक (वित्त) आर.पी. शुक्ला, मुख्य सतर्कता अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव एवं उप महाप्रबंधक (कार्मिक)/राजभाषा प्रमुख एवं निदेशक कार्मिक के तकनीकी सचिव अनिल कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम शामिल हुए।
माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, निदेशकगण एवं उपस्थित अधिकारियों ने किया। इसके उपरांत अध्यक्ष - सह - प्रबंध निदेशक कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की प्रतिज्ञा दिलाई। अध्यक्ष - सह - प्रबंध निदेशक ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि वेकोलि में हिंदी के प्रयोग में पहले की अपेक्षा काफी वृद्धि हुई है।
वेकोलि को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास कार्यालय-2) नागपुर का दायित्व मिलने से हमारी जिम्मेवारी और अधिक बढ़ जाती है कि अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक हिंदी का प्रयोग करें, जिससे राजभाषा कार्यान्वयन को गति मिलेगी। साथ ही नराकास के सभी सदस्य कार्यालय इससे प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि वेकोलि अपने निर्धारित लक्ष्य की दिशा में कोयला उत्पादन और प्रेषण में भी अच्छी प्रगति कर रही है।
इसी प्रकार हमें हिंदी के कामकाज में भी प्रगति लानी है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग ने हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए बारह "प्र" की रूपरेखा और रणनीति पर काम करना शुरू किया है। हमें भी सच्ची निष्ठा एवं लगन से वेकोलि में उपरोक्त 12 "प्र" का कार्यान्वयन करना है।
निदेशक (कार्मिक) डॉ. संजय कुमार ने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि हिंदी में अधिक से अधिक कामकाज हो। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के संदेश का वाचन महाप्रबंधक (आईईडी) कौशल कुमार, कोयला, खान एवं संसदीय मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी के संदेश का वाचन महाप्रबंधक (वित्त) एवं कंपनी सचिव रामेहर, अध्यक्ष, सीआईएल प्रमोद अग्रवाल के संदेश का वाचन महाप्रबंधक (खनन/पर्यावरण) कौशिक चक्रवर्ती ने किया।
कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (राभा/जसं) डॉ. मनोज कुमार ने एवं सलाहकार (जनसंपर्क) एस. पी. सिंह ने आभार ज्ञापित किया। राजभाषा पखवाड़े के प्रचार-प्रसार हेतु सुबह स्वागत कक्ष में सभी को बैज लगाया गया।
