रक्तदान के क्षेत्र में होगी क्रांति : सतीजा
https://www.zeromilepress.com/2021/09/blog-post_694.html
2 अक्तूबर को निकलेगी जागरूकता रैली
नागपुर। रक्तदान को प्रोत्साहन देने हेतु विविध सामाजिक संस्थाओं द्वारा तरह-तरह के प्रयास किए जाते रहे हैं. इसी श्रंखला में सेवाभावी संस्था देवता लाइफ फाउंडेशन द्वारा वंदे मातरम् रक्तदान महायज्ञ का आयोजन किया गया है. इसका उद्घाटन प्रथम रक्तदाता समाजसेवी नरेंद्र सतीजा के रक्तदान से हुआ.
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक रवींद्र भुसारी, फाउंडेशन के अध्यक्ष किशोर बावने, सचिव सुधीर बाहेती, नीलिमा बावने, विवेक जुगादे, कस्तूरी बावने, अरुणा पुरोहित, डा रवि गिरहे, सारिका पेंडसे अशोक पत्की आदि की उपस्थिति रही. इसी तरह 1 और 2 अक्तूबर को नागपुर के अलावा महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में रक्तदान शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. विशेष रूप से 2 अक्तूबर को राज्यव्यापी रक्तदान जागरूकता रैली नागपुर से प्रस्थान करेगी.
यह कार रैली महाराष्ट्र के 36 जिलों का दौरा कर 15 अक्टूबर को वापस आएगी. इसमें जगह-जगह रक्तदान शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. सतीजा ने बताया कि 1998 में हमने नागपुर मेट्रो टूरिस्ट क्लब के माध्यम से दुपहिया वाहनों की रक्तदान संदेश यात्रा का राज्यव्यापी आयोजन विभूति कश्यप के नेतृत्व में किया था. रक्त के जबरदस्त अभाव के चलते देवता लाइफ फाउंडेशन के वंदे मातरम् रक्तदान महायज्ञ का आयोजन सर्वथा सराहनीय है एवं इससे रक्तदान जनजागरण के क्षेत्र में क्रांति होगी.
