संतुलित आहार स्वस्थ जीवन की संजीवनी
https://www.zeromilepress.com/2021/10/blog-post_31.html?m=0
राष्ट्रीय पोषण माह पर परिचर्चा
नागपुर। आर्य विद्या सभा द्वारा संचालित दयानंद आर्य कन्या विद्यालय व कनिष्ठ महाविद्यालय के सांस्कृतिक सभागृह में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत प्रमुख वक्ता डॉ. गीता वर्मा व सोनल चावला के प्रमुख आतिथ्य में पोषण आहार तथा शारीरिक एवं मानसिक आरोग्य का संबंध इस पर परिचर्चा के कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्राचार्या की अध्यक्षता में तथा शालेय पोषण आहार समिति की प्रमुख भावना बेलानी, उपप्राचार्या अन्य सदस्यों तथा पालकों की विशेष उपस्थिति में इस परिचर्चा को गायत्री मंत्र के पाठ के साथ प्रारंभ किया गया। शालेय पोषण आहार से संबंधित प्रस्तावना का प्रस्तुतीकरण महक आडवाणी द्वारा किया गया।
प्रमुख वक्ता डॉ गीता वर्मा ने अपने वक्तव्य में विद्यार्थियों की शारीरिक फाउंडेशन को मजबूत करने के लिए संतुलित आहार, कैल्शियम प्रोटीन विटामिन से भरपूर भोजन में किन चीजों को सम्मिलित किया जाए इसे सविस्तार समझाते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए बच्चों का स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा सकता है. बार-बार एंटीबायोटिक्स टेबलेट का सहारा ना लेते हुए भोजन के द्वारा बच्चों को तंदुरुस्त और ऊर्जावान बनाया जा सकता है.
न्यूट्रिशन डाइटिशियन सोनल चावला ने कहा कि अपने किचन के द्वारा लौह तत्व की पूर्ति करते रहें ताकि एनीमिया जैसे खून की कमी के रोग ना हो सके। शरीर में हीमोग्लोबिन की पूर्ति हेतु पोषक तत्वों का समय समय पर ध्यान रखें। शिक्षिकाओ द्वारा विद्यार्थियों में देखे गए कई रोगों पर विचार करते हुए उनके निवारण के विविध उपाय परिचर्चा में सुझाए गए।
पोषण आहार माह के अंतर्गत चलाए जा रहे उपक्रमों के अंतर्गत कक्षा पांचवी से आठवीं तक के विद्यार्थियों में से कुछ चुनिंदा विद्यार्थियों को लेकर प्रश्न मंजूषा का आयोजन किया गया। सृष्टि, वृष्टि और तुष्टि नाम के तीन गट बनाकर विद्यार्थियों से संतुलित आहार, विटामिन, प्रोटीन , कार्बोहाइड्रेट की उपयोगिता और सामान्य ज्ञान पर आधारित विभिन्न प्रश्न पूछ कर विद्यार्थियों का ज्ञान बढ़ाया गया।
संतुलित और पौष्टिक आहार जीवन के लिए कितना उपयोगी है इस पर आधारित हीर कुकरेजा द्वारा कविता प्रस्तुत की गई। क्या खाना चाहिए, क्या नहीं खाना चाहिए जिससे हम शरीर से तंदुरुस्त बने रहे। इस पर छोटे-छोटे महत्वपूर्ण कोट्स रानी खूबनानी ने बताएं।
हनी वासवानी तथा सोनाली लांजेवार ने जंक फूड एवं संतुलित फूड पर आधारित एक छोटी नाटिका प्रस्तुति की। मंच संचालन संगीता सगदेव तथा हर्षा मानवटकर ने किया और आभार प्रदर्शन कनक बेलानी तथा अनीता आर्य ने किया। सभा में उपस्थित पालकगणो ने वक्ताओं से प्रश्न पूछकर अपने संशय को दूर किया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए रखी गई इस परिचर्चा व प्रश्न मंजूषा के आयोजन को आर्य विद्या सभा के अध्यक्ष अशोक कृपलानी, सचिव राजेश लालवानी और इंचार्ज वेद प्रकाश आर्य के साथ-साथ अन्य सदस्यों द्वारा सराहा गया। विद्यालय के फेसबुक पेज पर अनेकानेक लोगों ने इस परिचर्चा और प्रश्न मंजूषा कार्यक्रम का लाभ उठाया।