Loading...

अनुवाद कला का मेरुदण्ड है भाषा कौशल : प्रो. पूरनचन्द्र टंडन



नागपुर। भाषा कौशल अनुवाद कला का मेरुदण्ड है। भाषा में कौशल प्राप्त करने पर ही हम अनुवाद कार्य में दक्षता प्राप्त कर सकते हैं। भाषा में दक्षता प्राप्त होने से हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है। 

अनुवाद कला में निपुण होने के लिए भाषा कौशल पर विशेष ध्यान देना होगा। उक्त विचार दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पूरन चंद टंडन ने 'अनुवाद कौशल : प्रक्रिया और प्रविधि' विषय पर बोलते हुए व्यक्त किए। वे राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग द्वारा आयोजित “कौशलपरक हिन्दी - विविध आयाम” विषयक राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। 

प्रो. टंडन ने ज़ोर देकर कहा कि अनुवाद केवल एक कला ही नहीं है वरन यह विज्ञान, शिल्प और शास्त्र भी है। और जब हम शास्त्र कहते हैं तो पूरे मनोयोग से हमें इस प्रक्रिया से जुड़ना होता है। भाषा शिक्षण के चार चरण हैं - सुनना, बोलना, पढ़ना और लिखना। सतत् अध्ययन से हम इस क्षेत्र में अपना विकास कर पाएंगे। अनुवाद के क्षेत्र में अनंत संभावनाएं हैं। 

जहां भी भाषा व्यवहार का माध्यम है वहां अनुवाद अनिवार्य रूप से उपस्थित है। वैश्वीकरण के इस दौर में हमें इस कौशल को विकसित करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
     
दूसरे सत्र को सम्बोधित करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पवन अग्रवाल ने कहा कि मीडिया लेखन का क्षेत्र जनरुचि से जुड़ा है। मीडिया लेखन सायास लेखन है जबकि रचनात्मक लेखन अनायास होता है। रचनात्मक लेखन आन्तरिक अनुशासन से विकसित होता है, जबकि मीडिया लेखन बाहरी अनुशासन से संबन्धित है।  

'मीडिया लेखन कला' पर अपनी बात रखते हुए प्रो. अग्रवाल ने कहा कि मीडिया का सामाजिक सरोकार है। सामाजिक मूल्यों की स्थापना से लेकर मनोरंजन तक इसका विस्तार है। सामाजिक प्रबोधन की दृष्टि से जन संचार और जन माध्यम बहुत प्रभावी माध्यम है। मीडिया में विविध आयामों में रोजगार के सर्वाधिक अवसर उपलब्ध हैं। 

स्वागत उद्बोधन देते हुए हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज पाण्डेय ने कहा कि अनुवाद रोजगार का एक प्रमुख आयाम है। बहुभाषी समाज में अनुवाद की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम का संचालन विभाग की प्राध्यापिका डॉ. एकादशी जैतवार ने किया।
साहित्य 9136752178181406766
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list