Loading...

प्रवासी भारतीयों ने हिंदी का प्रचार-प्रसार भरपूर मात्रा में किया : डॉ. शहाबुद्दीन शेख


नागपुर पुणे। विभिन्न देशों में विभिन्न कारणों से बसे करोड़ों प्रवासी भारतीयों ने सामाजिक व सांस्कृतिक अस्मिता के लिए हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार व प्रयोग भरपूर मात्रा में किया। इस आशय का प्रतिपादन विश्व हिंदी साहित्य सेवा संस्थान, प्रयागराज, उ. प्र. के अध्यक्ष डॉ. शहाबुद्दीन नियाज़ मुहम्मद शेख, पुणे, महाराष्ट्र ने किया। 

दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, चेन्नई के तत्वावधान में उच्च शिक्षा व शोध संस्थान की ओर से आयोजित विश्व हिंदी दिवस समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में अपना उद्बोधन दे रहे थे। प्रो. प्रदीप के. शर्मा, कुलसचिव, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, चेन्नई ने समारोह की अध्यक्षता की। डॉ. शहाबुद्दीन शेख ने आगे कहा कि विश्व में सर्वाधिक बोली जानेवाली भाषा के रूप में हिंदी उभर रही है। वैश्विक स्तर पर लगभग तीन करोड़ प्रवासी भारतीय हिंदी के प्रचार व प्रसार में योगदान दे रहे हैं। परिणामतः हिंदी आज विश्वमंच पर पहुँच चुकी है। आज हिंदी कई लोगों की जीविका का साधन बन चुकी है। हिंदी में नए-नए रोज़गार भी आने लगे हैं।

प्रो. प्रदीप के. शर्मा, कुलसचिव, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, चेन्नई ने अपने अध्यक्षीय समापन में कहा कि निस्संदेह हिंदी वैश्विक स्तर पर तेज़ी से बढ़ रही है। भारतीय जनमानस आज भी मानसिक गुलामी का शिकार होकर अँग्रेज़ी के आधिपत्य में फंसा हुआ है। झूठी शान के लिए हम भारतीय भाषाओं की उपेक्षा कर विदेशी भाषा अँग्रेज़ी के पीछे पड़े हैं। भारतीय संस्कृति व सभ्यता के अबाधित अस्तित्व के लिए हमें हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओं को अपनाना होगा। सभी भारतीय भाषाओं के समान विकास में ही भारत का विकास निश्चित है।

समारोह का प्रारंभ स्नातकोत्तर कक्षा की छात्रा कु. रजनी के सरस्वती वंदना से हुआ। उच्च शिक्षा व शोध संस्थान के विभागाध्यक्ष प्रो. मंजुनाथ अंबिग ने स्वागत व प्रास्ताविक भाषण दिया। अंतर्गत गुणता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक तथा समारोह के विशिष्ट अतिथि डॉ. सुभाष जी राणे सहित उच्च शिक्षा व शोध संस्थान के सभी प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, शोधार्थी व विद्यार्थी बड़ी संख्या में गूगल मीट पटल पर उपस्थित थे। सहायक प्राध्यापक डॉ. मृत्युंजय सिंह ने समारोह का संचालन तथा डॉ. सविता धुडकेवार ने आभार प्रदर्शित किये।

साहित्य 4408398552168143170
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list