पूर्व महापौर स्व. रिखबचंद शर्मा की मनाई 103 वीं जयंती
https://www.zeromilepress.com/2022/03/103.html
नागपुर। बी.जी.एस गर्ल्स हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज के प्रांगण में सोशल वर्कर्स असोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष, समाजसेवी एवं नागपुर शहर के पूर्व महापौर स्व. रिखबचंद शर्मा की 103 वीं जयंती मनाई गई। इस पावन अवसर पर शर्मा परिवार विशेष रूप से उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अध्यक्ष पद को सुशोभित किया संस्था के आधार स्तंभ डॉ. डी.पी. लालवानी जी ने। सरस्वती वंदना के साथ स्वर्गीय रिखबचंद शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। आगत जनों का सत्कार कर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
शाला की स्नेहमयी प्राचार्या श्रीमती चित्रा दौलतानी द्वारा अतिथियों का परिचय दिया गया एवं स्वर्गीय रिखबचंदजी शर्मा के सत्कार्यों का संक्षिप्त परिचय दिया गया। इतना ही नहीं इनके सत्कार्यों एवं इनके द्वारा की गई अनेक समाज सेवाओं पर आधारित पावर पॉइंट प्रदर्शन प्रस्तुत कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी गई। शाला का संक्षिप्त परिचय एवं शाला में की जाने वाली गतिविधियों का भी पावर पॉइंट प्रदर्शन किया गया।
किशोर शर्मा ने शाला के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। शाला में आयोजित उनके बाबूजी की जयंती पर वे अत्यंत प्रसन्न हुए। आदित्य शर्मा एवं अनिरुद्ध शर्मा ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। साथ ही इस अवसर पर स्व. दादा रिखबचंद शर्मा की बेटी श्रीमती रानी रमेश दुबे ने अपने वक्तव्य में तहेदिल से शाला का धन्यवाद कहा कि शाला ने उनके बाबूजी को याद रखा एवं वे अपने बाबूजी को याद कर भावुक हो उठी। भविष्य में भी वे शाला के साथ जुड़े रहेंगे ऐसा आश्वासन दिलाया।
अपने अध्यक्षीय भाषण में डॉ. डी.पी. लालवानी ने समाजसेवी स्व. रिखबचंद शर्मा के समाज सेवाओं का संक्षिप्त उल्लेख किया एवं शाला के विकास में उनकी अहम भूमिका को बताया। 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर शाला की छात्राओं द्वारा विज्ञान गीत प्रस्तुत किया गया जिसे सुनकर श्रोतागण मंत्र मुग्ध हो गए।
इस कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ सदस्य सचानंद हीरानी, कुंदन गिदवानी, संस्था के सचिव प्रकाश कल्याणी, श्याम जयसिंघानी, वासु माखीजा, मुख्याध्यापिकाएं श्रीमती ज्योति आसुदानी, श्रीमती कल्पना मोटवानी, श्रीमती संगीता दलवानी विशेष रूप से उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन शाला की पर्यवेक्षिका श्रीमती पद्मजा कुंभलकर द्वारा किया गया। गीतों का कुशल संचालन शाला की शिक्षिका श्रीमती अरुणा टहलियानी द्वारा किया गया। मंच का कुशल संचालन श्रीमती हिना विधानी द्वारा किया गया। राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा हुई। विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई।