6 मार्च को वरिष्ठ समाजसेवी दादा घनश्यामदास कुकरेजा का अमृत महोत्सव वर्ष
https://www.zeromilepress.com/2022/03/6.html
विभिन्न संस्थाएं करेंगी सत्कार
नागपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कई संस्थाओं के मार्गदर्शक दादा घनश्यामदास कुकरेजा का अमृत महोत्सव वर्ष 6 मार्च को सोत्साह मनाया जाएगा। वे जीवन के 75 वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहे हैं। जरीपटका स्थित दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय में शाम 6 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों द्वारा उनका स्नेहिल सत्कार किया जाएगा।
दादा घनश्याम कुकरेजा राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष, भारतीय सिंधु सभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा भासिंंस की नागपुर महानगर इकाई के अध्यक्ष, आर्य विद्या सभा के उपाध्यक्ष, सहकार भारती के अध्यक्ष, साधना सहकारी बैंक के चेयरमैन, झूलेलाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक, उदय अकादमी के अध्यक्ष, संत बाबा हरदासराम सेवा मंडल के अध्यक्ष एवं अन्य कई संस्थाओं के प्रमुख पदाधिकारी हैं।
विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने, समाजसेवा, शिक्षा-जगत, आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग की प्रगति व सिंधी भाषा के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। दादा का परिवार प्रारंभ से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा और सिद्धांतों का अनुपालन करता आया है। वे आर.एस.एस. के सक्रिय स्वयंसेवक हैं।