Loading...

'मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी' उपक्रम के तहत शिक्षिका सुनीता श्रीवास्तव सम्मानित


नागपुर/नरसिंहपुर। देश की आजादी के अमृत महोत्सव निमित्त नरसिंहपुर नगर पालिका एवं नेहरू कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में जारी 'मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी' नामक उपक्रम के तहत विगत दिनों कॉन्वेंट शिक्षिका श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव व अन्य सेवाभावी महिलाओं को एक कार्यक्रम में सम्मानित किया गया.


ज्ञातव्य है कि नरसिंहपुर नगर पालिका की ओर से शहर को साफ सुथरा रखने व नागरिकों में जागरुकता निर्माण करने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों को प्रोत्साहन देने के लिए 'मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी' नामक उपक्रम शुरू किया गया है. समाज सेवा में अपना योगदान देने वाले चुनिंदा लोगों का चयन करके उन्हें सम्मानित किया जाता है, ताकि दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें. 

इसी श्रंखला के अंतर्गत विगत दिनों नगर पालिका एवं नेहरू कला केंद्र के सौजन्य से कान्वेंट शिक्षिका श्रीमती सुनीता आर. श्रीवास्तव को उनकी कोरोना काल में की गई सेवाओं के लिए नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी राकेश नामदेव के हस्ते शंकर वार्ड स्थित श्रीवास्तव के निवास में आयोजित एक कार्यक्रम में पुष्पगुच्छ स्मृति चिन्ह देकर सत्कार किया गया. 

श्री नामदेव ने इस अवसर पर कहा कि, श्रीमती श्रीवास्तव समाज सेवा के क्षेत्र में कई वर्षों से कार्यरत हैं. यह समय - समय पर गरीबों को कंबल वितरण, अनाज वितरण आदि कार्य करती रहती हैं. इसके साथ ही बच्चों व महिलाओं के सुप्त गुणों को निखारने के लिए रंगोली स्पर्धा, मेहंदी स्पर्धा, चित्रकला स्पर्धा का भी आयोजन वे करती हैं. उन्हें उनकी समाज सेवा के लिए कई संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है. 

श्री नामदेव ने श्रीमती श्रीवास्तव द्वारा कोरोना काल में की गई सेवाओं का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि, उनकी सेवाएं प्रशंसनीय हैं. अन्य महिलाओं को भी उनसे प्रेरणा लेना चाहिए. इस मौके पर अन्य सेवाभावी महिलाओं को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव के साथ ही संगीता नामदेव, सविता साहू, उर्मिला कोष्टी, भारती साहू, मीना पटवा, हेमू साहू आदि महिलाएं उपस्थित थीं.

समाचार 4993076179067926217
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list