सेवापूर्ति सम्मान एवं हिंदी सेवी अभिनंदन समारोह संपन्न
https://www.zeromilepress.com/2025/06/blog-post_43.html?m=0
हिंदी के योगदान को सराहा गया
नागपुर। सीताबर्डी स्थित विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन में सेवापूर्ति सम्मान एवं हिंदी सेवी अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन हुआ। कनिष्ठ महाविद्यालय हिंदी अध्यापक संघ, महाराष्ट्र राज्य के नागपुर विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति समर्पित व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता नागपुर विभाग की मार्गदर्शिका प्रा. स्नेहा वासवानी ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में महासंघ, मुंबई के कोषाध्यक्ष एवं विजुक्टा के महासचिव डॉ.अशोक गव्हाणकर उपस्थित थे।
समारोह में सेवापूर्ति सम्मान से श्री शिवाजी विज्ञान महाविद्यालय, राजूरा, चंद्रपुर की सेवानिवृत्त प्राध्यापिका सुनीता जमदाडे और जी.बे एम.एम. कनिष्ठ महाविद्यालय हिंगणघाट,वर्धा के डॉ.अनीस बेग को उनके हिंदी सेवा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ.आंबेडकर महाविद्यालय, नागपुर के हिंदी अध्यापक सूरज तेलंग को जिलास्तरीय आदर्श हिंदी शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विजुक्टा के शहराध्यक्ष डॉ. चेतन हिंगणेकर, ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड राइटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और खबर नेक्स्ट डॉट कॉम के मुख्य संपादक संदीप अग्रवाल (पूर्व उपसंपादक - लोकमत समाचार) और विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन, नागपुर के समन्वयक सुनील तिवारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। नागपुर विभागीय अध्यक्ष प्रा. जावेद शेख ने अपने प्रास्ताविक में हिंदी अध्यापक संघ द्वारा हिंदी प्रचार- प्रसार के लिए किए गए प्रयासों से अतिथियों को अवगत कराया।
समारोह में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में लगे प्रा. मधु भंभानी, प्रा. गुड्डी परवीन खा, प्रा. माधुरी जोशी, प्रा. हिरामण शहारे, प्रा. जयश्री धात्रक, प्रा. विश्वास रामटेककर, नितिन किटे और शबाना अंजुम यशरब शेख इन अध्यापकों का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रा. वैशाली चारथल ने किया। प्रा. सारिका घरोटे ने अतिथियों का परिचय कराया। सम्मानित व्यक्तियों, डॉ. अनीस बेग और प्रा. सुनीता जमदाडे, ने अपने विचार साझा किए, जिसके बाद डॉ. अशोक गव्हाणकर ने भी अपने मनोगत व्यक्त किए। अध्यक्षीय संबोधन प्रा. स्नेहा वासवानी द्वारा दिया गया। अंत में, प्रा. सीमा मुक्ता ने आभार प्रदर्शन किया। डॉ. अनिल कनोजिया, प्रा. पायल जायसवाल ने समारोह में व्यवस्था प्रबंधन का दायित्व सफलता पूर्वक निभाया।
इस सफल आयोजन के पीछे नागपुर विभाग के कार्यकारिणी पदाधिकारी और नागपुर, चंद्रपुर, गोंदिया, वर्धा जिला कार्यकारिणी पदाधिकारियों का अथक प्रयास रहा। इस समारोह ने हिंदी भाषा और उसके सेवकों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।