डॉ. शशिकांत शर्मा को प्रभाश्री साहित्य रत्न सम्मान
https://www.zeromilepress.com/2025/08/blog-post_35.html
नागपुर। अर्चना साहित्यिक- सांस्कृतिक संस्था तथा नागपुर जिला हिंदी अध्यापक मंडल के अध्यक्ष राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. शशिकांत शर्मा को प्रभाश्री फाउंडेशन, काशी द्वारा प्रभाश्री साहित्य रत्न सम्मान से सिनेमा व दूरदर्शन के निर्माता निर्देशक व पटकथा लेखक विकास कपूर के शुभहस्ते वाराणसी के मरीना होटल के सभागृह में सम्मानित किया गया।
देश के विभिन्न प्रांतों के चौदह साहित्यकारों को उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। डॉ.शशिकांत शर्मा को उनकी कृति उम्मीदों का सूरज (ग़ज़ल संग्रह) के लिए यह सम्मान दिया गया। डॉ. शर्मा के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुरेखा शर्मा का भी संस्था द्वारा सम्मान किया गया।
प्रभाश्री फाउंडेशन की निदेशिका श्रीमती प्रियंका अग्निहोत्री 'गीत' ने अपने प्रास्ताविक वक्तव्य में संस्था की जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्था बिना किसी अनुदान के बाईस उपक्रमों का संचालन करती है जिनमें जरूरतमंद निराश्रित बालिकाओं को शिक्षा एवं निराश्रित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायता करना जैसे उपक्रम प्रमुख हैं।
तत्पश्चात संस्था द्वारा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें डॉ. शशिकांत शर्मा (नागपुर), प्रताप शंकर दुबे, दमदार बनारसी, महेंद्र अलंकार, डॉ. वनिता शर्मा (दिल्ली) तथा स्थानीय प्रख्यात कवियों ने अपनी कविताओं का शानदार प्रस्तुतीकरण किया। डॉ. शशिकांत शर्मा ने मनोगत में अपने जीवन की साहित्यिक यात्रा का उल्लेख किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन श्रीमती प्रियंका अग्निहोत्री ने किया।