वामा विमर्श मंच ने किया सोल्लास रंगोत्सव का आयोजन
https://www.zeromilepress.com/2026/03/blog-post_35.html?m=0
नागपुर। साहित्यिक संस्था वामा विमर्श मंच द्वारा सोल्लास रंगोत्सव का आयोजन किया गया। महाराष्ट्र शासन के जल नियामक संस्था की अध्यक्ष सी ए श्रीमती श्वेताली ठाकरे इस आयोजन की मुख्य अतिथि थीं। होली के मदरंग में डूबी कविताओं के साथ ही वामा सखियों ने आपस में प्राकृतिक रंगों द्वारा एक दूसरे को टीका लगाकर व पारंपरिक गुझियों का आस्वादन कर बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि आगामी 14 मार्च 2026 को वामा मंच की अगुआई में नागपुर में एक वृहद व विशिष्ट कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है जिससे संबंधित जरूरी विचार विमर्श कर उसकी अंतिम रुपरेखा भी सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम की प्रस्तावना वामा विमर्श मंच की अध्यक्ष रीमा दीवान चड्ढा ने रखी। कार्यक्रम का चुटीला हास्य मिश्रित संचालन व्यंग्यकार प्रो. आभा सिंह ने किया।
आभार प्रदर्शन शगुफ्ता यास्मीन ने किया, तो सभी को बधाई के साथ अपनी एक सुंदर कविता मुख्य अतिथि श्वेताली ठाकरे ने सुनाई l चित्रा पुरी जी ने फागुन की पृष्ठभूमि पर समुचित प्रकाश डाला। वामा पदाधीकारी अर्चना राज चौबे, डा. ज्योति गजभिये, वसुंधरा राय ने भी काव्य पाठ किया। इस प्रकार हास्य - व्यंग के रंग संग गुझियों की मिठास लिए ये महत्वपूर्ण आयोजन हंसी - खुशी के वातावरण में संपन्न हुआ।


